कोझिकोड में ट्रेन में आग की घटना के बाद पटरियों से तीन शव मिले

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 03 Apr 2023 12:35 PM
कोझिकोड में ट्रेन में आग की घटना के बाद पटरियों से तीन शव मिले
ऑडियो सुनें

कोझिकोड: केरल में कोझिकोड के एलत्तूर रेलवे स्टेशन के पास पटरियों से एक साल के बच्चे और एक महिला समेत तीन लोगों के शव मिले हैं। इससे कुछ घंटे पहले ही एक व्यक्ति ने एक एक्सप्रेस ट्रेन में अपने सह यात्री को कथित रूप से आग लगा दी थी जिसमें आठ अन्य भी जख्मी हो गए थे।

जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि रविवार देर रात पटरियों से एक महिला, एक बच्चे और एक पुरुष के शव बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को आग लगाने की घटना के बाद से ही तीनों ट्रेन से लापता थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रात करीब पौने 10 बजे जब अलप्पुझा-कन्नूर एक्जीक्यूटिव एक्सप्रेस ट्रेन कोझिकोड शहर को पार कर यहां कोरापुझा रेलवे पुल पर पहुंची तो एक अज्ञात व्यक्ति ने सहयात्री पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल कर आग लगा दी जिससे कम से कम आठ लोग झुलस गए।

घटना के बाद यात्रियों ने ट्रेन की चेन खींच दी जिसके बाद आरोपी भाग गया, जबकि घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जब ट्रेन कन्नूर पहुंची, तो कुछ यात्रियों ने घटना के बाद एक महिला और एक बच्चे के लापता होने की शिकायत की।
एक यात्री ने कन्नूर में मीडिया को बताया, ‘‘एक घायल शख्स महिला और बच्चे की तलाश कर रहा था। हमें उस महिला के जूते और मोबाइल फोन मिले हैं।’’

लापता लोगों की खबर सामने आने के तुरंत बाद, पुलिस ने पटरियों का निरीक्षण किया और महिला, बच्चे तथा एक व्यक्ति सहित तीन शव बरामद किए। पुलिस को शक है कि घटना में वे ट्रेन से गिर गए या उन्होंने रेल गाड़ी से उतरने का प्रयास किया था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘लापता हुई महिला और बच्चे का शव पटरियों पर मिला। एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी मिला है। हमें संदिग्ध का सीसीटीवी फुटेज मिल गया है। जांच जारी है।’’

सूत्रों ने बताया कि महिला बच्चे की रिश्तेदार थी। कुल नौ लोगों को इलाज के लिए कोझिकोड मेडिकल कॉलेज सहित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मामले में और विवरण का इंतजार किया जा रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav