भारतीय क्रिकेट का घरेलू सत्र: 28 जून से दलीप ट्रॉफी के साथ आगाज, रणजी पांच जनवरी से

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Apr 2023 09:14 PM
भारतीय क्रिकेट का घरेलू सत्र: 28 जून से दलीप ट्रॉफी के साथ आगाज, रणजी पांच जनवरी से
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय क्रिकेट का 2023-24 घरेलू सत्र दलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट के साथ 28 जून से शुरू होगा जबकि रणजी ट्रॉफी का आयोजन अगले साल पांच जनवरी से होगा. इस दौरान दलीप ट्रॉफी छह क्षेत्रीय टीमों के बीच खेली जाएगी. इसके बाद देवधर ट्रॉफी लिस्ट ए टूर्नामेंट (24 जुलाई से तीन अगस्त), ईरानी कप (एक से पांच अक्टूबर), सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पुरुषों की टी20 राष्ट्रीय चैंपियनशिप (16 अक्टूबर से छह नवंबर) और विजय हजारे एकदिवसीय ट्रॉफी (23 नवंबर-दिसंबर 15) का आयोजन होगा.

पुरुषों के सीनियर वर्ग में रणजी ट्रॉफी सत्र का आखिरी टूर्नामेंट होगा. इसके एलीट ग्रुप के लीग चरण के मैच पांच जनवरी से 19 फरवरी के बीच खेले जायेंगे जबकि नॉकआउट चरण का आयोजन 23 फरवरी से 14 मार्च तक होगा. यह टूर्नामेंट 70 दिन तक चलेगा.
प्लेट ग्रुप के लीग मैच पांच जनवरी से पांच फरवरी के बीच जबकि नॉकआउट चरण नौ से 22 फरवरी तक खेला जाएगा.

एलीट वर्ग में चार ग्रुप में आठ-आठ टीमें होंगी जिसमें से हर ग्रुप की शीर्ष की दो-दो टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी.
प्लेट ग्रुप में छह में से शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी. प्लेट ग्रुप के फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमें आगामी सत्र (2024-25) में एलीट ग्रुप में शामिल होंगी. एलीट ग्रुप की 32 टीमों की समग्र तालिका में आखिरी दो स्थान पर रहने वाली टीमें प्लेट ग्रुप में खिसक जायेंगी.

सीनियर महिला सत्र की शुरुआत राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप के साथ होगी जो 19 अक्टूबर से नौ नवंबर के बीच खेली जाएगी, इसके बाद अंतर क्षेत्रीय टी20 ट्रॉफी 24 नवंबर से चार दिसंबर तक खेली जाएगी. सीनियर महिला एकदिवसीय ट्रॉफी का आयोजन चार से 26 जनवरी के बीच होगा.

सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी और वनडे ट्रॉफी में पांच ग्रुप होंगे. इसमें दो ग्रुप में आठ-आठ टीमें जबकि बाकी के तीन ग्रुप में सात-सात टीमें होगी. हर ग्रुप की शीर्ष दो स्थानों पर रहने वाली टीमें नॉकआउट के लिए क्वालीफाई करेंगी. ग्रुप मैचों के बाद इन 10 टीमों में से शीर्ष छह टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी जबकि आखिरी की चार टीमों को अंतिम आठ में जगह के लिए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलना होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu