इरफान के व्यक्तित्व के मजेदार पहलुओं पर किताब लिखना चाहती हूं: उनकी पत्नी सुतापा सिकदर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Jun 2023 09:10 PM
इरफान के व्यक्तित्व के मजेदार पहलुओं पर किताब लिखना चाहती हूं: उनकी पत्नी सुतापा सिकदर
ऑडियो सुनें

मुंबई. दिवंगत अभिनेता इरफान खान की पत्नी सुतापा सिकदर ने कहा है कि वह उनके व्यक्तित्व के मजेदार पहलुओं पर एक किताब लिखना चाहती हैं. खान, तीन दशक से अधिक समय के अपने करियर में “मकबूल”, “द नेमसेक”, “पान सिंह तोमर”, “हैदर”, “पिकू” और “द लंचबॉक्स” जैसी फिल्मों में अपने शानदार अभिनय को लेकर सराहे गये. अप्रैल 2020 में, कैंसर के कारण 54 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. सुतापा ने कहा कि वह जब भी किताब लिखेंगी, उसमें भावनात्मक सफर को बयां नहीं करना चाहेंगी.

उन्होंने शनिवार रात इरफान खान पर फिल्म समीक्षक शुभ्रा गुप्ता की पुस्तक के विमोचन से इतर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “मैं चाहती हूं कि यह मेरे साथ उनके सुहाने सफर पर आधारित हो.” उन्होंने कहा,”लोग उन्हें भयभीत करने वाला और बेहद गंभीर व्यक्ति मानते थे, लेकिन वह वास्तविक जीवन में ऐसे नहीं थे. अभी यह पुस्तक पूरी नहीं हुई है (लेकिन कुछ समय में पूरी हो जाएगी).” पैन मैकमिलन इंडिया द्वारा प्रकाशित शुभ्रा मुखर्जी की पुस्तक “इरफान खान: ए लाइफ इन मूवीज” खान के राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के शुरुआती दिनों से लेकर लगभग एक दशक के टीवी करियर और फिर फिल्म जगत के क्रमिक सफर को बयां करती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu