अभिनेता मंगल ढिल्लों का 64 साल की उम्र में निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Jun 2023 10:03 PM
अभिनेता मंगल ढिल्लों का 64 साल की उम्र में निधन
ऑडियो सुनें

लुधियाना. टीवी सीरियल ‘जुनून’ और ‘बुनियाद’ में अपने शानदार अभिनय से मशहूर हुए अभिनेता मंगल ढिल्लों का कैंसर के कारण पंजाब में लुधियाना जिले के नीलो कलां गांव में शनिवार को निधन हो गया. ढिल्लों के परिवार के सदस्यों ने यह जानकरी दी.
उन्होंने बताया कि ढिल्लों (64) को एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था, लेकिन कुछ दिन पहले ही परिवार के सदस्य उन्हें घर ले आए थे. ढिल्लों ने ‘खून भरी मांग’ और ‘विश्वात्मा” जैसी हिंदी फिल्मों में भी अभिनय किया था.

ढिल्लों की बहन रंजीत कौर के मुताबिक, अभिनेता का शनिवार शाम को नीलो कलां गांव में निधन हो गया. ढिल्लों का जन्म फरीदकोट जिले के वांदर जटाना गांव में हुआ था और बाद में वह उत्तर प्रदेश चले गए थे जहां उनके पिता ने कृषि भूमि खरीदी थी. अपने तीन दशक लंबे करियर में, ढिल्लों ने रमेश सिप्पी के टीवी धारावाहिक ‘बुनियाद’ (1986-87) में लभया राम और 1994 में आए ‘जुनून’ सीरियल में सुमेर रजवंश जैसे किरदारों से लोकप्रियता हासिल की.

उन्होंने हिंदी और पंजाबी फिल्मों में भी अपने अभिनय का जौहर दिखाया. उन्हें ‘खालसा’ फिल्म में बेहतरीन अदाकारी के लिए पंजाब सरकार ने सम्मानित भी किया. शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने ढिल्लों को ‘दमदार आवाज.’ के लिए याद किया.
बादल ने ट्विटर पर लिखा, ” पंजाबी सिने जगत के प्रसिद्ध अभिनेता, लेखक, निर्देशक और निर्माता श्री मंगल ढिल्लों के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ.”

उन्होंने कहा, ” भारतीय सिनेमा के लिए यह एक बड़ी क्षति है. उनकी दमदार आवाज और अभिनय को बहुत से लोग याद करेंगे. मैं शोक संतप्त परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं.” पंजाब के पर्यटन और संस्कृति मामलों के मंत्री अनमोल गगन मान ने भी संवाददाता सम्मेलन में ढिल्लों के निधन पर दुख व्यक्त किया. अभिनेता यशपाल शर्मा ने कहा कि दिवंगत अभिनेता “अभिनय को अलविदा कह चुके थे”.

शर्मा ने कहा, ” करीब डेढ़ साल पहले मुझे पता चला कि वह प्रेरक वक्ता बन गए हैं. वह समाज की भलाई के लिए काम कर रहे थे.” ‘दहाड़’ के अभिनेता गुलशन देवैया ने ट्विटर पर ढिल्लों की तस्वीर साझा की और उसके साथ लिखा कि मंगल ढिल्लों को श्रद्धांजलि. ढिल्लों के परिवार में एक बेटा और बेटी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu