बिलासपुर: बाजार में आग लगने से 55 से अधिक दुकाने जलीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Jun 2023 06:22 PM
बिलासपुर: बाजार में आग लगने से 55 से अधिक दुकाने जलीं
ऑडियो सुनें

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में सब्जी बाजार में आग लगने से 55 से अधिक दुकानें जल गईं. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यहां रेलवे स्टेशन के पास तड़के सब्जी बाजार में आग लग गई और इस घटना में 55 से अधिक अस्थायी सब्जी दुकानें और गुमटियां पूरी तरह जल गईं.

शहर के तोरवा थाने के प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि बुधवारी बाजार में करीब एक सौ की संख्या में सब्जी बेचने के लिए गुमटियां बनाई गई हैं जिनमें ज्यादातर दुकानें कच्ची हैं और उन्हें चबूतरों के ऊपर बांस, बोरियों तथा प्लास्टिक का शेड बना कर अस्थायी दुकान का रूप दिया गया है. उनके मुताबिक तड़के करीब साढ़े चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि सब्जी बाजार में आग लग गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा अग्निशमन विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई.

तिर्की ने बताया कि दमकल वाहनों के पहुंचने से पहले ही आग तेजी से फैल गई थी और इस घटना में 55 से अधिक छोटी-बड़ी अस्थाई दुकानें और गुमटियां पूरी तहर से जल गई हैं. उन्होंने बताया कि दमकल वाहन, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब दो घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu