यूनान: नौका हादसे में लापता लोगों की तलाश जारी, 78 लोगों के शव मिले, 104 को बचाया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 Jun 2023 08:21 PM
यूनान: नौका हादसे में लापता लोगों की तलाश जारी, 78 लोगों के शव मिले, 104 को बचाया गया
ऑडियो सुनें

कालामाटा. दक्षिण यूनान में समुद्र में हुई भीषण नौका दुर्घटना में लापता सैंकड़ों लोगों की तलाश का अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. प्रवासियों को लेकर जा रही मछली पकड़ने वाली एक नौका यूनान के तट पर मंगलवार देर रात को पलटने के बाद डूब गई थी, जिससे कम से कम 78 लोगों की मौत हो गई जबकि सैंकड़ों अन्य लापता हैं. अधिकारियों ने पहले 79 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी.

अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 78 शव बरामद किए गए हैं. बचावकर्ताओं ने 104 यात्रियों को बचाया है, जिनमें मिस्र, सीरिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और फलस्तीन के नागरिक शामिल हैं. ये सभी प्रवासी यूरोप जाने की कोशिश कर रहे थे. तटरक्षक बल, नौसेना और विमानों ने रात भर व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने यात्री लापता हैं. लेकिन तटरक्षक बल के प्रवक्ता निकोस अलेक्सियो ने सरकारी ‘ईआरटी टीवी’ को बताया कि यात्रियों की संख्या का सटीक अनुमान लगाना असंभव है. ऐसा प्रतीत होता है कि 80-100 फुट का जहाज लोगों के अचानक एक तरफ चले जाने के बाद पलट गया और कुछ देर बाद डूब गया.

कालामाटा के दक्षिणी बंदरगाह शहर के डिप्टी मेयर आयोनिस ज.ाफ.रिोपोलोस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी से संकेत मिले हैं कि नौका में ”500 से अधिक लोग” सवार थे. तटरक्षक के एक बयान के अनुसार, जब उनके जहाजों और वाणिज्यिक जहाजों ने नौका को बचाने का बार बार प्रयास किया तो उन्हें ऐसा करने से रोका गया. नौका पर सवार लोग लगातार यह कह रहे थे कि वे इटली जाना चाहते हैं. तटरक्षक अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार देर रात करीब एक बजकर 40 मिनट पर नौका का इंजन खराब हो गया, जिसके बाद नौका डूबने लगी. बयान के अनुसार नौका 10 से 15 मिनट बाद डूब गई. अधिकारियों ने बताया कि नौका यूनान के दक्षिणी पेलोपोनिसे प्रायद्वीप से करीब 75 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में डूबी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu