उत्तर कोरिया ने अमेरिका-दक्षिण कोरिया सैन्याभ्यास के विरोध में दो बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 Jun 2023 08:00 PM
उत्तर कोरिया ने अमेरिका-दक्षिण कोरिया सैन्याभ्यास के विरोध में दो बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण किया
ऑडियो सुनें

सियोल. दक्षिण कोरिया की सेना ने दावा किया है कि उत्तर कोरिया ने बृहस्पतिवार को उसके पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर कम दूरी की क्षमता वाली दो बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण किया है. इसे दक्षिण कोरिया और अमेरिका के हाल में समाप्त हुए सैन्य अभ्यास के विरोध में उसकी शस्त्र परीक्षण गतिविधियां की पुन: शुरुआत माना जा रहा है.

इससे पहले मई में अपने पहले जासूसी उपग्रह को अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित करने में उत्तर कोरिया विफल रहा था. दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने कहा कि बृहस्पतिवार शाम उत्तर कोरिया के राजधानी क्षेत्र से प्रक्षेपण किये जाने का पता चला है. उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया की सेना ने अपनी निगरानी बढ़ाई है और अमेरिका के साथ करीबी तालमेल के साथ तैयारी रख रहा है.

जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी कहा कि उसे उत्तर कोरिया द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण का पता चला है. जापान के तटरक्षक ने कोरियाई प्रायद्वीप और जापान तथा उत्तर प्रशांत महासागरों के बीच जलक्षेत्र में जलपोतों को आगाह किया है कि समुद्र में गिरने वाली वस्तुओं से बचें. जलपोतों या विमानों को किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है.

इससे पहले दक्षिण कोरिया और अमेरिका के सैनिकों ने बृहस्पतिवार को कोरिया के अति सुरक्षा वाले सीमा क्षेत्र में गोला-बारूद के साथ बड़े स्तर पर सैन्य अभ्यास किया था. प्रक्षेपण से करीब 30 मिनट पहले उत्तर कोरिया की सेना ने जवाबी कार्रवाई का संकल्प जताया था, लेकिन इसका ब्योरा नहीं दिया था. उसने दक्षिण कोरिया की कार्रवाई को भड़काऊ और गैर-जिम्मेदाराना कहा था. उत्तर कोरिया के रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ”हमारी जवाबी कार्रवाई अपरिहार्य है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu