नयी दिल्ली: ‘औरंगजेब लेन’ अब ‘डॉ एपीजे अब्दुल कलाम लेन’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Jun 2023 08:18 PM
नयी दिल्ली: ‘औरंगजेब लेन’ अब ‘डॉ एपीजे अब्दुल कलाम लेन’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मध्य दिल्ली में स्थित औरंगजेब लेन का नाम बदलकर डॉ एपीजे अब्दुल कलाम लेन कर दिया गया है. नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अधिकारियों ने बुधवार को यह घोषणा की. एनडीएमसी के सदस्यों की बैठक में इस मार्ग का नाम बदलने को मंजूरी दी गयी. एनडीएमसी ने अगस्त 2015 में औरंगजेब रोड का नाम बदलकर डॉ एपीजे अब्दुल कलाम रोड कर दिया था. औरंगजेब लेन मध्य दिल्ली में अब्दुल कलाम रोड को पृथ्वीराज रोड से जोड़ती है.

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा, ”नई दिल्ली नगरपालिका अधिनियम, 1994 की धारा 231 की उप-धारा (1) के खंड (ए) के संदर्भ में एनडीएमसी क्षेत्र के अंतर्गत ‘औरंगजेब लेन’ का नाम बदलकर ‘डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम लेन’ करने पर विचार करने के लिए परिषद के समक्ष एक एजेंडा आइटम रखा गया.”

उन्होंने कहा, ”परिषद ने औरंगजेब लेन का नाम बदलकर डॉ एपीजे अब्दुल कलाम लेन करने को मंजूरी दे दी है. लोगों की भावनाओं का सम्मान करने, हमारे समय के महान पुरुषों और महिलाओं को पहचानने और उनका सम्मान करने की आवश्यकता को देखते हुए अतीत में मार्गों/सड़कों/संस्थानों का नाम बदला गया है.” एनडीएमसी ने ‘राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली कानून (विशेष प्रावधान) दूसरा अधिनियम, 2011’ की वैधता के विस्तार को भी अपनी मंजूरी दे दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu