उद्धव ने मोदी पर तंज करते हुए पूछा : राकांपा के 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का क्या हुआ?

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 11 Jul 2023 07:23 PM
उद्धव ने मोदी पर तंज करते हुए पूछा : राकांपा के 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का क्या हुआ?
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर उनकी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) द्वारा 70 हजार करोड़ रुपये का कथित घोटाला किए जाने संबंधी टिप्पणी को लेकर तंज किया और पूछा कि इस घोटाले का क्या हुआ. ठाकरे ने प्रधानमंत्री मोदी पर ऐसे समय निशाना साधा है जब पुणे ट्रस्ट ने एक दिन पहले ही तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए प्रधानमंत्री को चुना है और एक अगस्त को आयोजित सम्मान समारोह के लिए शरद पवार को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया है.

समारोह के लिए आमंत्रित अन्य गणमान्य लोगों में राकांपा नेता अजित पवार भी शामिल हैं जो दो जुलाई को महाराष्ट्र की शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन सरकार में बतौर उप मुख्यमंत्री शामिल हुए थे. अजित पवार के साथ उनके गुट के आठ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी.

ठाकरे ने संवाददाताओं से कहा, ” 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का क्या हुआ? मंच पर उस समय कौन होगा. वह (राकांपा) पार्टी आपके साथ है.” प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले महीने भोपाल में भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि राकांपा पर महाराष्ट्र सहकारी बैंक घोटाला, सिंचाई घोटाला और अवैध खनन घोटाला सहित 70 हजार करोड़ रुपये का घोटाला करने का आरोप है.

विपक्षी पार्टियों के खिलाफ कथित तौर पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए ठाकरे ने भाजपा नीत केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया. उन्होंने कहा, ” समय क्रूर होता है. जब इसका रुख उनके खिलाफ होगा तो उनके लिए मुश्किल होगी.” पुणे ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक तिलक ने सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को एक अगस्त को लोकमान्य तिलक की 103वीं पुण्यतिथि के अवसर पर लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा और शरद पवार को कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है. ट्रस्ट ने महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व अजित पवार को भी आमंत्रित किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu