
चेन्नई. तमिल फिल्म उद्योग के नामी स्टंटमैन कनल कन्नन को धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया और अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. कन्नन अभिनेता होने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध हिंदू मुन्नानी संगठन की कला एवं संस्कृति इकाई के प्रमुख भी हैं. कन्नन को कन्याकुमारी जिला पुलिस ने 10 जुलाई को गिरफ्तार किया था और अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस ने बताया कि कन्नन को कथित आपत्तिजनक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया मंच पर साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया जिसमें एक विदेशी व्यक्ति पादरी जैसी पोशाक पहनकर महिला के साथ नृत्य करता नजर आ रहा है. कन्नन ने इसके साथ ही टिप्पणी की है, ” यह है विदेशी संस्कृति.”कन्नन को कन्याकुमारी पुलिस ने तलब किया था और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया. स्टंटमैन के खिलाफ धार्मिक भावना आहत करने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.



