गुजरात से जयशंकर और भाजपा के दो अन्य उम्मीदवार राज्यसभा के लिए ”निर्विरोध” निर्वाचित घोषित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 17 Jul 2023 08:56 PM
गुजरात से जयशंकर और भाजपा के दो अन्य उम्मीदवार राज्यसभा के लिए ”निर्विरोध” निर्वाचित घोषित
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन उम्मीदवारों को सोमवार को गुजरात से राज्यसभा के लिए “निर्विरोध” निर्वाचित घोषित कर दिया गया. यह जानकारी अधिकारियों ने दी. जयशंकर के अलावा, छह साल के कार्यकाल के लिए संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए भाजपा के दो अन्य उम्मीदवारों में केसरीदेवसिंह झाला और बाबूभाई देसाई शामिल हैं.

यह जयशंकर के लिए भाजपा शासित गुजरात से राज्यसभा में दूसरा कार्यकाल होगा. राजनयिक से नेता बने जयशंकर वर्ष 2019 में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किये गए थे. रिर्टिनंग ऑफिसर रीता मेहता ने कहा कि तीनों उम्मीदवारों को “निर्विरोध” निर्वाचित घोषित किया गया है.

मेहता ने राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन वेबसाइट पर एक घोषणा में कहा, ”केसरीदेवसिंह दिग्विजयसिंह झाला, देसाई बाबूभाई जेसंगभाई और सुब्रह्मण्यम जयशंकर कृष्णस्वामी को 17 जुलाई को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया.” सोमवार (17 जुलाई) को नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख थी और अगर जरूरी होने पर 24 जुलाई को मतदान होना था.

विपक्षी कांग्रेस ने घोषणा की थी कि वह गुजरात से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारेगी क्योंकि 182 सदस्यीय विधानसभा में उसके पास पर्याप्त विधायक नहीं हैं. जयशंकर ने अपना नामांकन पत्र 10 जुलाई को दाखिल किया था, जबकि झाला और देसाई ने अपने नामांकन पत्र 12 जुलाई को दाखिल किये थे.

गुजरात के दो मौजूदा राज्यसभा सदस्य, जुगलजी ठाकोर और दिनेश अनावाडीया को भाजपा ने दोबारा टिकट नहीं दिया, जिनका कार्यकाल जल्द ही समाप्त होने वाला था. इसके बजाय इस बार झाला और देसाई को मैदान में उतारा गया. भाजपा ने पिछले साल के अंत में हुए विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड 156 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस ने राज्य के गठन के बाद से अपना सबसे खराब प्रदर्शन किया था और सिर्फ 17 सीटें हासिल कर पाई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu