नयी दिल्ली. दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर सोमवार शाम छह बजे 205.94 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के पूर्वानुमान के अनुसार, रात नौ बजे तक नदी का जलस्तर 206.10 मीटर तक पहुंचने की संभावना है.
यमुना का जलस्तर सुबह नौ बजे 205.58 मीटर दर्ज किया गया था, जो शाम चार बजे बढ़कर 205.92 मीटर हो गया. यमुना के जलस्तर ने पिछले सप्ताह 207.49 मीटर के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया था और यह 12 जुलाई को 208 मीटर के स्तर को पार कर गया था. इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नदी के जलस्तर में कमी शुरू हो गई है और लोग जल्द ही राहत शिविरों से अपने घर लौट सकेंगे.
उन्होंने ट्वीट किया, ”जलस्तर नीचे जाने लगा है. अब लोग राहत शिविरों से अपने घर वापस जा सकेंगे. हमें उनकी जिंदगी सामान्य करने में उनकी मदद करनी है. मेरी सबसे अपील है कि तन, मन, धन से लोगों की मदद करें. यह पुण्य का काम है.” दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने लाल किले के पीछे की सड़क साफ कर दी है, जिसमें पानी भर गया था और यह जल्द ही यात्रियों के लिए खोल दी जाएगी.
आतिशी ने ट्वीट किया, ” मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पीडब्ल्यूडी की रात भर की मेहनत से लाल किले के पीछे की सड़क से पानी साफ कर दिया गया है. अभी सिर्फ सड़क से कीचड़ साफ किया जा रहा है. कुछ समय में यह सड़क यातायात के लिए खुल जाएगी.” केजरीवाल ने राहत एवं बचाव प्रयासों में सहयोग के लिए पीडब्ल्यूडी, दिल्ली जल बोर्ड, थल सेना, नौसेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग तथा अन्य सभी अधिकारियों का आभार भी जताया.