नयी दिल्ली. विपक्ष के 26 दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की टैगलाइन ‘जीतेगा भारत’ तय की गई है. सूत्रों ने बताया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस टैगलाइन को क्षेत्रीय भाषाओं में भी तय किए जाने की संभावना है.
उन्होंने बताया कि बेंगलुरु में मंगलवार को हुई बैठक के दौरान कई नेताओं को लगा कि गठबंधन के नाम में ‘भारत’ शब्द भी शामिल होना चाहिए.
एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि ‘जीतेगा भारत’ को टैगलाइन में इस्तेमाल करने का फैसला किया गया.” सूत्रों का कहना है कि विपक्ष के कई नेताओं की सहमति और प्रयास से यह टैगलाइन चुनी गई. विपक्ष के 26 दलों ने मंगलवार को घोषणा की थी कि उनके गठबंधन का नाम ‘इंडिया’ होगा. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ”बेंगलुरु में 26 दलों की बैठक का संदेश है कि जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया.” कांग्रेस संसद शशि थरूर ने ट्वीट किया, ”एनडीए की लगेगी लंका, बजेगा अब इंडिया का डंका, जीतेगा इंडिया.”