कोहली के 29वें टेस्ट शतक से भारत ने लंच तक छह विकेट पर 373 रन बनाये

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 21 Jul 2023 10:46 PM
कोहली के 29वें टेस्ट शतक से भारत ने लंच तक छह विकेट पर 373 रन बनाये
ऑडियो सुनें

पोर्ट ऑफ स्पेन.  अपने 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बनाते हुए विराट कोहली ने टेस्ट करियर का 29वां शतक लगाया जिससे भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को यहां लंच तक छह विकेट पर 373 रन बना लिये. पिछले टेस्ट में शतक से चूकने वाले कोहली ने 206 गेंद की पारी में 121 रन बनाये. अंतरराष्ट्रीय करियर के अपने 76वें शतकीय पारी के दौरान उन्होंने रविंद्र जडेजा (61) के साथ पांचवें विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी कर भारत की मजबूत वापसी करायी.

कोहली रन आउट हुए जबकि जडेजा को केमार रोच (दो विकेट पर 86 रन) की गेंद पर विकेट के पीछे जोशुआ डा सिल्वा ने लपका.
लंच के विश्राम के समय इशान किशन (18) और रविचंद्रन अश्विन (छह) पर क्रीज पर मौजूद है. दिन का पहला सत्र पूरी तरह कोहली के नाम रहा. वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाने में उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई. उन्होंने अपनी पारी के दौरान 11 चौके लगाये जबकि 77 रन दौड़ कर लिये.

दिन की शुरुआत 87 रन से करने वाले कोहली ने रोच की गेंद पर चौके के साथ अपना शतक पूरा किया. विदेशी धरती पर 2018 (पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) के बाद कोहली का यह पहला शतक है. कोहली का वेस्टइंडीज के खिलाफ यह 12वां शतक है और इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में वह जाक कैलिस के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर है. वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड पूर्व महान खिलाड़ी सुनील गावस्कर (13) के नाम हैं .

क्वींस पार्क ओवल की पिच डोमिनिका में खेले गये पहले टेस्ट की तुलना में अब तक बल्लेबाजों के लिए अधिक मददगार रही है. कुछ गेंद रूक कर आ रही थी और वेस्टइंडीज के गेंदबाज कोहली खिलाफ ऑफ स्टंप के आस-पास मुश्किल गेंदबाजी कर रहे थे. कोहली ने मैच की शानदार समझ दिखाते हुए आक्रामक शॉट खेलने की जगह एक और दो रन दौड़ कर लेने पर ज्यादा ध्यान दिया. उन्होंने 45 बार एक और 13 बार दो रन दौड़ कर लिये. उन्होंने 11 में से नौ चौके ऑफ साइड की तरफ लगाये.

दूसरे छोर से जडेजा ने भी उनका शानदार साथ दिया. उन्होंने कोहली का शतक पूरा होने के थोड़ी देर के बाद टेस्ट करियर का अपना 19वां अर्धशतक पूरा किया. ऑफ स्पिनर गेंदबाज रहकीम कोर्नवाल की गैरमौजूदगी का भारत को फायदा हुआ. वामहस्त स्पिनर जोमेल वारिकन सही लाइन लेंथ से गेंदबाजी करने के बावजूद पिच से ज्यादा मदद हासिल नहीं कर सके.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu