जकार्ता. इंडोनेशिया में सुलावेसी द्वीप के पास एक नौका पलटने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई. बचावकर्ताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी. नौका में क्षमता से अधिक लोग सवार थे. प्राधिकारियों ने बताया कि नौका में सवार 33 अन्य लोग बच गए. बुटोन तलाश एवं बचाव अभियान के प्रमुख मोहम्मद अराफाह ने बताया कि नौका दक्षिणपूर्व सुलावेसी प्रांत में बुटोन सेंट्रल रीजेंसी के लांतो गांव से लागिली गांव जा रही थी.
लकड़ी की नौका में 20 लोगों के बैठने की क्षमता थी, लेकिन उसमें क्षमता से अधिक लोग सवार थे. खोज और बचाव दल को 15 शव मिले और छह लोगों को बचाया गया, लेकिन बाद में नौका में सवार सभी लोगों का पता चलने के बाद बचाव अभियान रोक दिया गया. अराफाह ने एक बयान में कहा, ”जीवित बचे 27 लोगों का पहले पता नहीं चला था, क्योंकि वे सीधे घर चल गए थे.” उन्होंने बताया कि बचाव अभियान में रबड़ की तीन नौकाओं, मछलियां पकड़ने वाली दो नौकाओं और छह गोताखोरों को तैनात किया गया था.