कैंसर को मात देने वाली लिंडा कैसेडो के गोल से कोलंबिया ने दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 25 Jul 2023 12:36 PM
कैंसर को मात देने वाली लिंडा कैसेडो के गोल से कोलंबिया ने दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराया
ऑडियो सुनें

सिडनी: कैंसर से उबरने वाली लिंडा कैसेडो के गोल की मदद से कोलंबिया ने फीफा महिला विश्व कप के अपने पहले मैच में मंगलवार को दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराया। रियल मैड्रिड की अग्रिम पंक्ति की खिलाड़ी कैसिडो को 15 साल की उम्र में ‘ओवेरियन कैंसर’ का पता चला था। उन्होंने इस मैच में अपने देश के लिए दूसरा गोल करने के बाद सिडनी फुटबॉल मैदान में कोलंबिया के प्रशंसकों की ओर दौड़ कर खुशी का इजहार किया।

अठारह साल की कैसिडो  मैदान के अंदर और बाहर एक प्रेरणादायक शख्सियत हैं। उन्होंने मैच के 39वें मिनट में गोल कर कोलंबिया की बढ़त को 2-0 किया। इससे पहले कैटलिना उसमे ने मैच के 30वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदल कर कोलंबिया का खाता खोला था।
कैसिडो के अलावा इस मैच में एक और किशोर खिलाड़ी ने अपनी पहचान बनायी।

दक्षिण कोरिया की कैसी फेयर 16 साल की उम्र में विश्व कप का मैच खेलने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बनीं। वह मैच के दूसरे हाफ में  स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान में उतरीं। कोलंबिया की टीम ग्रुप एच में अपने अगले मुकाबले में रविवार को जर्मनी जबकि दक्षिण कोरिया की टीम सोमवार को मोरक्को का सामना करेगी। जर्मनी ने सोमवार को मोरक्को को 6-0 से हराया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav