सिंधू फिर पहले दौर में हारी, सात्विक-चिराग जापान ओपन के दूसरे दौर में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 26 Jul 2023 07:45 PM
सिंधू फिर पहले दौर में हारी, सात्विक-चिराग जापान ओपन के दूसरे दौर में
ऑडियो सुनें

तोक्यो. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू बुधवार को यहां जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में चीन की झेंग यी मान के खिलाफ सीधे गेम में हार के साथ एक बार फिर पहले दौर से बाहर हो गईं लेकिन लक्ष्य सेन साथी भारतीय प्रियांशु राजावत की कड़ी चुनौती से पार पाकर दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे.

कोरिया ओपन चैंपियन सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने सकारात्मक शुरुआत करते हुए अपने विजयी क्रम को 11 मैच तक पहुंचाया. यह पुरुष युगल जोड़ी येओसु और इंडोनेशिया में खिताब जीत चुकी है. सिंधू को चीन की खिलाड़ी के खिलाफ सिर्फ 32 मिनट में 12-21 13-21 से हार का सामना करना पड़ा. इस भारतीय खिलाड़ी को इस साल 13 बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर प्रतियोगिताओं में सातवीं बार पहले दौर में शिकस्त झेलनी पड़ी है.

लक्ष्य ने पहले दौर में राजावत को तीन गेम चले कड़े मुकाबले में 21-15 12-21 24-22 से हराया. वह दूसरे दौर में जापान के केंता सुनेयामा से भिड़ेंगे. चोट के बाद वापसी करते हुए सिंधू उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रही हैं और विश्व रैंकिंग में भी 17वें स्थान पर लुढ.क गई हैं. सिंधू लगातार गलतियां कर रही हैं और कम रैंकिंग वाली खिलाड़ियों के खिलाफ भी उन्हें महत्वपूर्ण समय पर अंक हासिल करने के लिए जूझना पड़ रहा है.

सिंधू ने हाल में 2003 के ऑल इंग्लैंड चैंपियन मोहम्मद हाफिज हशीम के मार्गदर्शन में खेलना शुरू किया है और उन्हें उम्मीद है कि उनके प्रदर्शन में सुधार होगा. सिंधू ने दुनिया की 18वें नंबर की खिलाड़ी झेंग को इस साल मई में मलेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में हराया था लेकिन चीन की खिलाड़ी से जापान ओपन में इस हार का बदला चुकता कर लिया. झेंग की सिंधू के खिलाफ पांच मैच में यह तीसरी जीत है जबकि दो बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है.

सिंधू जहां फॉर्म हासिल करने के लिए जूझ रही हैं तो वहीं सात्विक और चिराग की जोड़ी शानदार फॉर्म में है. इस पुरुष युगल जोड़ी ने पहले दौर में लियो रोली कर्नांडो और डेनियल मार्टिन की इंडोनेशिया की जोड़ी को तीन गेम में 21-16 11-21 21-13 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई. रविवार को कोरिया ओपन का खिताब जीतने वाली सात्विक और चिराग की तीसरी वरीय जोड़ी अगले दौर में येपे बे और लेसी मोहेडे की डेनमार्क की जोड़ी से भिड़ेगी.

मिथुन मंजूनाथ को हालांकि पहले दौर में चीन के वेंग होंग येंग के खिलाफ पहला गेम जीतने के बावजदू एक घंटा और 25 मिनट में 21-13 22-24 18-21 से हार का सामना करना पड़ा. मालविका बंसोड़ को भी जापान की आया ओहोरी के खिलाफ 14-21 17-21 से हार झेलनी पड़ी.

एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिल की पुरुष युगल जोड़ी एक बार फिर मुकाबले के बीच से हट गई. इस भारतीय जोड़ी ने चोट के कारण जब आरोन चिया और सोह वूई यिक की जोड़ी के खिलाफ हटने का फैसला किया जब वे पहले गेम में 5-15 से पीछे थे. अर्जुन कोरिया ओपन में भी पीठ में जकड़न के कारण मुकाबले के बीच से हट गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu