चीनी युवती ने पाकिस्तानी प्रेमी संग निकाह रचाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 27 Jul 2023 07:03 PM
चीनी युवती ने पाकिस्तानी प्रेमी संग निकाह रचाया
ऑडियो सुनें

पेशावर. सरहद के आर-पार प्रेम कहानी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें अब चीन की एक महिला सोशल मीडिया पर एक पाकिस्तानी युवक से मुलाकात और उसके प्यार में पड़ने के बाद उससे मिलने खैबर पख्तूनख्वा आ पहुंची है. इतना ही नहीं चीनी युवती अपने प्रेमी जावेद से निकाह करके अब गाओ फेंग से किस्वा बन गई है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि महिला की पहचान गाओ फेंग के रूप में हुई है, जो तीन महीने के वीजा पर गिलगिट के रास्ते चीन से बुधवार को इस्लामाबाद पहुंची. 21 वर्षीय युवती को उसका 18 वर्षीय दोस्त जावेद लेने पहुंचा था, जो अफगानिस्तानी सीमा से सटे बाजौर जनजातीय जिले का रहने वाला है. बाजौर में सुरक्षा हालात के चलते जावेद अपनी दोस्त को अपने गृहनगर न ले जाकर लोअर दीर जिले के समरबाग तहसील में अपने मामा के घर ले गया है.

पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले तीन साल से ‘स्नैपचैट’ के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई. जावेद के ममेरे भाई इज्जतुल्ला खान ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गाओ ने इस्लाम कबूल करने के बाद बुधवार को जावेद से निकाह कर लिया और उसका नया नाम किस्वा है.

इज्जतुल्ला ने बताया कि गाओ 20 जुलाई को इस्लामाबाद पहुंची थी, जहां वह और जावेद उसे लेने पहुंचे थे. वहां से 21 जुलाई को वे लोअर दीर आए, जहां गाओ समरबाग में इज्जतुल्लाह के घर पर ठहरी थी. उसने बताया कि जावेद और गाओ ने बुधवार को निकाह किया और सुरक्षा कारणों व रमजान के पाक महीने की वजह से जिले में सुरक्षा हालात के मद्देनजर स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के समझाने के बाद दोनों इस्लामाबाद के लिए निकल गए.

इज्जतुल्ला ने बताया कि जावेद बाजौर डिग्री कॉलेज से कंप्यूटर विज्ञान की पढ.ाई कर रहा है और चीन में गाओ के साथ अदालत में विवाह करेगा. पुलिस ने भी इन जानकारियों की पुष्टि की है. इज्जतुल्ला ने बताया कि गाओ कुछ दिनों में चीन लौट जाएगी जबकि जावेद पाकिस्तान में ही रुकेगा. उसने बताया कि जावेद पाकिस्तान में अपनी पढ.ाई पूरी करने के बाद चीन जाएगा, जिसमें करीब एक साल लगेगा.

इससे पहले गाओ के समरबाग में ठहरने के दौरान लोअर दीर जिले के पुलिस अधिकारी जियाउद्दीन ने मीडिया को बताया था कि उसे पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराई गई है और मुहर्रम एवं इलाके में सुरक्षा कारणों की वजह से उसे खुले में घूमने से मना किया गया है. पुलिस ने बताया कि महिला के यात्रा दस्तावेज बिल्कुल वैध हैं. इससे पहले भारत के राजस्थान राज्य की 34 वर्षीय अंजू अपने 29 वर्षीय पाकिस्तानी दोस्त नसरुल्ला से मिलने के लिए खैबर पख्तूनख्वा के अपर दीर जिले में आ पहुंची थी. अंजू की फेसबुक पर नसरुल्ला से मुलाकात हुई थी. बाद में अंजू ने इस्लाम कबूल कर नसरुल्ला से निकाह कर लिया था और अब उसका नया नाम फातिमा है.

इसी तरह के एक और मामले में पाकिस्तान की 30 वर्षीय सीमा हैदर, 22 वर्षीय हिंदू युवक सचिन से मिलने के लिए अपने चार बच्चों के साथ भारत जा पहुंची थी. दोनों की मुलाकात 2019 में ऑनलाइन गेम पबजी खेलते वक्त हुई थी. उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, सीमा और सचिन दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के रबुपुरा में रहते हैं, जहां सचिन एक किराने की दुकान चलाता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu