पूर्वी यूक्रेन के शहर पर रूसी मिसाइल हमले में सात मरे, 81 घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Aug 2023 08:24 PM
पूर्वी यूक्रेन के शहर पर रूसी मिसाइल हमले में सात मरे, 81 घायल
ऑडियो सुनें

कीव. पूर्वी यूक्रेन के एक शहर पर रूसी मिसाइलों के हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है और 81 अन्य घायल हुए हैं. यूक्रेन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी तथा क्रेमलिन के सैन्यबलों पर बचावर्किमयों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम को दोनेत्स्क क्षेत्र के पूर्वी भाग में पोकरोव्स्क शहर पर दो रूसी मिसाइल दागी गयीं जिसकी चपेट में कई अपार्टमेंट एवं अन्य इमारतें आयीं.

दोनेत्स्क के गवर्नर पावलो किरिलेंको ने बताया कि इस हमले में पांच आम नागरिक, एक बचावकर्मी और एक सैन्यकर्मी की जान चली गयी जबकि दो बच्चों समेत 39 आम नागरिक, 31 पुलिस अधिकारी, सात आपात कर्मी एवं चार सैनिक घायल हो गये. किरिलेंको ने बताया कि ये हमले 40-40 मिनट के अंतराल पर हुए. उन्होंने कहा कि हमले में 12 बहुमंजिला इमारतें, एक होटल, एक दवा दुकान, दो स्टोर और दो कैफे को नुकसान पहुंचा. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस पर पूर्वी यूक्रेन में ”तबाही” मचाने का आरोप लगाया.

युद्ध में रूसी मिसाइलों, ड्रोन और तोप से बार-बार नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया गया है. रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन का कहना है कि उसकी सेनाएं केवल सैन्य संपत्ति को निशाना बनाती हैं . क्रेमलिन ने दावा किया कि अन्य क्षति यूक्रेनी वायु रक्षा हथियारों के कारण हुई है. किसी भी पक्ष के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती.

गवर्नर ओलेह सिनिहुबोव ने कहा कि खारकीव क्षेत्र में क्रुहलियाकिव्का शहर पर देर रात हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए. यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि रूस ने कुपियान्स्क के समीप एक गांव में चार बम गिराए जिससे दो नागिरकों की जान चली गई. इस दौरान आग लगने से दो बचावकर्मी भी घायल हो गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu