Chief of the Air Staff आशुतोष दीक्षित बने भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख, एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का स्थान लिया, एयरफोर्स ने जारी किया Farewell Video

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sat, 31 Oct 2026 03:50 PM
Chief of the Air Staff आशुतोष दीक्षित बने भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख, एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का स्थान लिया, एयरफोर्स ने जारी किया Farewell Video
ऑडियो सुनें

एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने 31 अक्टूबर 2026 को भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख (Chief of the Air Staff) के रूप में पदभार संभाल लिया। उन्होंने एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह (एपी सिंह) का स्थान लिया, जो 42 वर्षों की विशिष्ट सैन्य सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं।

इसके पहले एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आज उनका वायुसेना प्रमुख के रूप में अंतिम कार्य दिवस था। भारतीय वायुसेना की कमान सौंपने से पहले निवर्तमान Air Chief Marshal AP Singh और वर्तमान Chief of Air Staff एयर चीफ मार्शल Ashutosh Dixit ने मिलकर नेशनल वार मेमोरियल पर पुष्पचक्र अर्पित किया।

एयर चीफ मार्शल अशुतोष दीक्षित

इस नेतृत्व परिवर्तन के साथ भारतीय वायुसेना की कमान अब एक अनुभवी फाइटर पायलट और परीक्षण पायलट के हाथों में आ गई है। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के पूर्व छात्र एयर चीफ मार्शल अशुतोष दीक्षित को 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। लगभग चार दशक के सैन्य करियर में उन्होंने ऑपरेशंस, विमान परीक्षण, वायुसेना की क्षमताओं के विकास और संयुक्त रक्षा सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं।

वे एक अनुभवी फाइटर पायलट, क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट हैं। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उनके पास विभिन्न प्रकार के विमानों पर 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। उन्होंने मिराज-2000, मिग विमानों के विभिन्न संस्करणों, जगुआर, किरण, हॉक, आईएल-78 और तेजस जैसे विमानों पर उड़ान भरी है।

ऑपरेशन और कमान संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

अपने करियर के दौरान अशुतोष दीक्षित ने कई महत्वपूर्ण परिचालन और कमान संबंधी पदों पर काम किया। उन्होंने पश्चिमी क्षेत्र में अग्रिम मोर्चे के लड़ाकू एयरबेस और दक्षिणी क्षेत्र में प्रमुख फाइटर ट्रेनिंग बेस की कमान संभाली। वे सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रहे।

इसके अलावा उन्होंने एयर डिफेंस कमांडर, साउथ वेस्टर्न एयर कमांड के सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर और डिप्टी चीफ ऑफ द एयर स्टाफ जैसे पदों पर भी सेवाएं दीं। वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ बनने से पहले वे चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता और बेहतर समन्वय को बढ़ावा देने से जुड़े कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ऑपरेशन सिंदूर सहित कई अभियानों का अनुभव

एयर चीफ मार्शल दीक्षित ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर सहित विभिन्न सैन्य अभियानों और अभ्यासों से जुड़े रहे हैं। विमान आधुनिकीकरण और स्वदेशी रक्षा क्षमताओं के विकास में भी उनका योगदान रहा है।

उन्होंने जगुआर और मिग-27 विमानों के अपग्रेड कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने तथा हल्के लड़ाकू विमान तेजस के प्रारंभिक और अंतिम परिचालन मंजूरी (IOC और FOC) से जुड़े कार्यों में भूमिका निभाई।विशिष्ट सेवाओं के लिए मिल चुके हैं कई सम्मान

राष्ट्र के प्रति विशिष्ट सेवाओं और योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2006 में वायु सेना मेडल, 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।

एयर चीफ मार्शल अशुतोष दीक्षित के सामने अब भारतीय वायुसेना के आधुनिकीकरण, लड़ाकू विमानों की क्षमता बढ़ाने, नई तकनीकों को शामिल करने और बदलती सुरक्षा चुनौतियों के अनुरूप परिचालन तैयारियों को मजबूत करने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होंगी। उनके अनुभव और नेतृत्व में वायुसेना भविष्य की सामरिक आवश्यकताओं के लिए अपनी क्षमताओं को आगे बढ़ाने पर काम करेगी।

देखिए वीडियो

#AshutoshDixit #IndianAirForce #IAF #AirChief

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group