विधु विनोद चोपड़ा की ’12वीं फेल’ 27 अक्टूबर को रिलीज होगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Aug 2023 08:37 PM
विधु विनोद चोपड़ा की ’12वीं फेल’ 27 अक्टूबर को रिलीज होगी
ऑडियो सुनें

मुंबई. फिल्म निर्माता विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ’12वीं फेल’ 27 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है. निर्माताओं ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की. भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी मनोज कुमार शर्मा और भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी श्रद्धा जोशी की अविश्वसनीय यात्रा के बारे में अनुराग पाठक के सबसे ज्यादा बिकने वाले उपन्यास पर आधारित इस फिल्म में विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में हैं.

प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों की यात्रा की एक झलक पेश करती ’12वीं फेल’ जी स्टूडियो द्वारा निर्मित है. चोपड़ा को ‘परिंदा’, ‘1942: ए लव स्टोरी’ और ‘मिशन कश्मीर’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है. उन्होंने कहा कि उनकी नयी फिल्म उन ईमानदार अधिकारियों को श्रद्धांजलि है जो संविधान की रक्षा करते हैं और अनगिनत छात्र उनके नक्शेकदम पर चलते हैं.

निर्देशक ने कहा, ”अगर यह फिल्म कुछ व्यक्तियों को भी ईमानदारी और उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने को प्रेरित करती है, तो मैं इसे सफल मानूंगा.” जी स्टूडियो के मुख्य कारोबार अधिकारी शारिक पटेल ने कहा, ”’12वीं फेल’ छात्रों की चुनौतियों और स्थायी मित्रता को चित्रित करती है. विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में यह युवाओं की भावना और विपरीत परिस्थितियों पर विजय का जश्न मनाने वाली एक सम्मोहक सिनेमाई यात्रा है.” यह फिल्म दुनिया भर में हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में रिलीज होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu