हवाई के माउ में जंगल में लगी आग में मृतक संख्या बढ़कर हुई 55

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 11 Aug 2023 08:10 PM
हवाई के माउ में जंगल में लगी आग में मृतक संख्या बढ़कर हुई 55
ऑडियो सुनें

लहैना (अमेरिका). अमेरिकी प्रांत हवाई के माउ काउंटी में जंगल में आग लगने की घटना में मृतकों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर 55 हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इस बीच, पोप फ्रांसिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘टेलीग्राम’ पर एक संदेश जारी कर मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया.

संदेश में कहा है कि पोप फ्रांसिस को विनाश के बारे में जानकर दुख हुआ और उन्होंने इस त्रासदी का सामना कर रहे लोगों के प्रति एकजुटता प्रकट की. अधिकारियों ने स्थानीय समयानुसार रात सवा नौ बजे जारी एक बयान में कहा कि लहैना, पुलेहु और अपकंट्री में जंगल की आग में कुल मृतक संख्या में दो का इजाफा हुआ है. बयान में कहा गया है कि लहैना में आग अब भी बुझी नहीं है.

माउ के मेयर रिचर्ड बिसेन ने बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अधिकारी अब भी लहैना में इस प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों का पता लगाने और उनकी पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ”जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त नहीं हुए हैं, वे इस आपदा में मारे गए लोगों के शव बरामद होने पर अपने-अपने घर लौट सकते हैं.” आपदा कौशल में प्रशिक्षित कैलिफोर्निया और वाशिंगटन राज्य से तलाश एवं बचाव टीम तथा शवों की तलाश के लिए श्वान दस्ते को माउ में बचाव प्रक्रिया में मदद के लिए तैनात किया गया है.

माउ के पुलिस प्रमुख जॉन पेलेटियर ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और दुआ करने के लिए कहा है. दमकल विभाग के प्रमुख ब्रैउ वेंचर ने कहा कि लोगों को आग वाले क्षेत्रों से दूर रहने की जरूरत है, क्योंकि यह अब भी विनाशकारी बनी हुई है. उन्होंने बताया कि कुछ लोग टेलीफोन के खंभों से गिरकर घायल हो गए.

बिसेन ने कहा कि 29 गिरे हुए बिजली के खंभों के साथ अब भी बिजली के तार जुड़े हुए हैं, जिससे लहैना से वेलुकु और हवाई अड्डे तक की दो महत्वपूर्ण सड़कों का संपर्क कट गया है. केवल काहाकुलोआ की ओर जाने वाला संकरा राजमार्ग खुला छोड़ा गया था. लेकिन अधिक से अधिक लोगों उसी रास्ते से पलायन करने के कारण यातायात जाम हो गया.

माउ के अधिकारियों ने बेघर लोगों की तलाश कर रहे लोगों के लिए काहुलुई सामुदायिक केंद्र में एक परिवार सहायता केंद्र खोला है. माउ आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी फॉर्म जारी करेगी और लापता लोगों का पता लगाने में मदद करेगी. हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन ने कहा, ”हम हवाई में इस पीढ़ी की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा के बारे में बात कर रहे है. यह बड़े दुख की बात है कि इस घटना में 55 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.” उन्होंने आशंका जताई कि मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि बचाव दलों का तलाश अभियान जारी है.

व्हाइट हाउस ने बताया कि राष्ट्रपति जो बाइडन ने गवर्नर ग्रीन से फोन पर बात की और घटना में हुए जान-माल के नुकसान को लेकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. इससे पहले, बृहस्पतिवार को व्हाइट हाउस ने बताया था कि राष्ट्रपति ने राज्य में आपदा घोषित करने की मंजूरी दे दी है, जिससे संघीय सहायता उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu