अमिताभ बच्चन दुनिया में भारत के सबसे बड़े राजदूत हैं : अमेरिकी सांसद खन्ना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Aug 2023 09:38 PM
अमिताभ बच्चन दुनिया में भारत के सबसे बड़े राजदूत हैं : अमेरिकी सांसद खन्ना
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन दुनिया में भारत के सबसे बड़े राजदूत हैं. एक शीर्ष भारतीय-अमेरिकी संसद सदस्य ने यह बात कही. अमेरिकी सांसद रो. खन्ना ने शनिवार को मुंबई में अमिताभ बच्चन (80) से मुलाकात के बाद यह टिप्पणी की. खन्ना, ‘कांग्रेशनल इंडिया कॉकस’ के सह-अध्यक्ष हैं और वह इंडिया कॉकस के अन्य सह-अध्यक्ष व अमेरिकी सांसद माइकल वाल्ट्ज के साथ भारत में एक द्विदलीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं.

उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, “हमने कृत्रिम मेधा (एआई)…भारत के उत्थान, बच्चन के पिता और अमेरिका-भारत संबंधों के महत्व पर एक घंटे तक व्यापक चर्चा की. अमिताभ बच्चन के जीवन की कहानी भारत की कहानी का प्रतीक है. वह दुनिया में भारत के सबसे बड़े राजदूत हैं.” खन्ना ने एक सवाल के जवाब में कहा, “मैंने श्री बच्चन से कहा कि उन्हें फिर से अमेरिका का दौरा करना चाहिए. वह मेरे परिवार और माता-पिता जैसे कई भारतीय अमेरिकी प्रवासियों को आशा प्रदान करते हैं. वह भारत और भारतीय-अमेरिकियों के उत्थान के प्रतीक हैं.”

उन्होंने कहा, “हमने शाश्वत मूल्यों – करुणा, सम्मान, विचार, सहानुभूति – के महत्व पर चर्चा की और ये मूल्य अंतत? हमारे भविष्य के लिए कितने अधिक मायने रखते हैं.” सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किए गये एक वीडियो में खन्ना, मुंबई में बच्चन के आवास पर उनसे मुलाकात करते नजर आते हैं. बच्चन ने इस वीडियो के जवाब में लिखा, “एक सम्मान और विशेषाधिकार.” अमेरिकी सांसद ने अपनी मुंबई यात्रा के दौरान अभिनेता अनुपम खेर से भी मुलाकात की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu