गूगल ने डूडल बनाकर श्रीदेवी को 60वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Aug 2023 06:36 PM
गूगल ने डूडल बनाकर श्रीदेवी को 60वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि
ऑडियो सुनें

मुंबई. गूगल ने भारतीय सिनेमा की दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी को उनकी 60वीं जयंती पर रविवार को डूडल बनाकर श्रद्धांजलि दी.
श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को मौजूदा तमिलनाडु में हुआ था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बाल कलाकार के तौर पर की थी और चार साल की उम्र में तमिल फिल्म ‘कंधन कुरूनाई’ में अभिनय किया था.

डूडल के विवरण में गूगल ने बताया कि आज का डूडल कलाकार भूमिका मुखर्जी द्वारा बनाया गया है और भारतीय अभिनेत्री श्रीदेवी की 60वीं जंयती के मौके पर पेश किया गया है. इसमें कहा गया है कि करीब चार दशक के अपने फिल्मी सफर में उन्होंने तकरीबन 300 फिल्मों में काम किया और पारंपरिक रूप से पुरुष प्रधान माने जाने वाले फिल्मी जगत में पुरुष समकक्षों के बिना ही कई बार अभिनय और कॉमेडी का जलवा बिखेरा.

श्रीदेवी ने दक्षिण भारत की कई भाषाएं सीखीं जिससे उन्हें अन्य भाषाओं की फिल्मों में भूमिकाएं हासिल करने में मदद मिली. अपने करियर की शुरुआत में, उन्होंने तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषा की फिल्मों में अभिनय किया. अभिनेत्री को 1976 में के. बालाचंदर की ‘मूंदरू मुदिचू’ से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली, जिसमें अभिनेता रजनीकांत और कमल हासन भी थे. उस समय उन्हें व्यापक रूप से तमिल सिनेमा की अभिनेत्री माना जाता था लेकिन श्रीदेवी का बड़े पर्दे पर करिश्मा ही था कि उन्हें हिंदी फिल्म जगत के निर्माताओं से भी पेशकश मिली.

हिंदी फिल्म एक्शन कॉमेडी ‘हिम्मतवाला’ में मुख्य भूमिका निभाने के बाद, श्रीदेवी ने खुद को बॉलीवुड अभिनेत्री के रूप में स्थापित किया और ‘सदमा’, ‘चालबाज.’, ‘लम्हे’, ‘चांदनी’ और ‘जुदाई’ जैसी कामयाब फिल्मों में अभिनय किया. इसके बाद उन्होंने अदाकारी से कुछ वक्त के लिए दूरी बनाई. इसके बाद उन्होंने 2012 में ‘इंग्लिश विंग्लिश’ से बड़े पर्दे पर वापसी की.

भारतीय सिनेमा की ‘सुपरस्टार’ कही जाने वाली श्रीदेवी को भारत सरकार ने चौथे सबसे बड़ा नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया था. उन्होंने 2017 में आई फिल्म ‘मॉम’ में भी अभिनय किया. दुबई में 54 वर्ष की उम्र में 2018 में उनका निधन हो गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu