शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ की क्लिप चोरी, ऑनलाइन लीक की गई, प्राथमिकी दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Aug 2023 07:39 PM
शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ की क्लिप चोरी, ऑनलाइन लीक की गई, प्राथमिकी दर्ज
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की अगली फिल्म ‘जवान’ की वीडियो क्लिप चुराने और उसे ट्विटर पर लीक करने के आरोप में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. सांताक्रूज थाने के अधिकारी ने बताया कि शाहरुख और उनकी पत्नी गौरी खान की निर्माण कंपनी रेड चिलीज इंटरटेनमेंट शिकायत लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय पहुंची थी, जिसके बाद अदालत के आदेश पर यह मामला दर्ज किया गया.

अधिकारी के मुताबिक, उच्च न्यायालय ने कंपनी की अर्जी पर ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) को निर्देश जारी किया कि वह लीक किए गए वीडियो को अपने मंच से हटाए. अधिकारी ने बताया कि पुलिस से की गई शिकायत में रेड चिलीज इंटरटेनमेंट के मुख्य वित्तीय अधिकारी प्रदीप निमानी ने आरोप लगाया है कि कुछ ‘एक्स’ अकाउंट के जरिये इस फिल्म की क्लिप साझा की गईं. उन्होंने उक्त अकाउंट का विवरण भी साझा किया.

निमानी ने यह दावा भी किया कि जब फिल्म की शूटिंग होती है, तब सेट पर लोगों को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होती है, बावजूद इसके वीडियो लीक हुए हैं. पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिकायत के बाद भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. शाहरुख और नयनतारा अभिनीत ‘जवान’ सात सितंबर को प्रर्दिशत होने वाली है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu