‘गदर-2’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कमाई का 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Aug 2023 09:05 PM
‘गदर-2’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कमाई का 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया
ऑडियो सुनें

मुंबई. फिल्म ‘गदर-2’ के कमाई के मामले में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करने के बीच बुधवार को अभिनेता सनी देओल ने फिल्म को सफल बनाने के लिये दर्शकों का धन्यवाद अदा किया. फिल्म निर्माण कंपनी जी स्टूडियोज ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “फिल्म ‘गदर-2’ ने मंगलवार को 12.10 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कमाई का कुल आंकड़ा 400.70 करोड़ रुपये हो गया.” विज्ञप्ति में दावा किया गया, “किसी अन्य भारतीय फिल्म ने रिलीज के दूसरे सप्ताह के दिनों में 10 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई नहीं की है.” अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित यह फिल्म सनी देओल की 2001 में आई सफल फिल्म ‘गदर एक प्रेम कथा’ का ‘सीक्वल’ है. फिल्म में सनी देओल एक बार फिर तारा सिंह के किरदार में हैं तथा अमीषा पटेल ने सकीना की भूमिका निभाई है. फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में प्रर्दिशत हुई थी.

देओल ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर और अधिक कमाई करती रहेगी. अभिनेता ने कहा, “आप सभी को धन्यवाद कि आपको ‘गदर 2’ पसंद आई. मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा. हमने 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और यह आगे भी जारी रहेगा.” उन्होंने आगे कहा, “यह केवल आपकी वजह से संभव हुआ. आप सभी को फिल्म पसंद आई. आप सभी ने तारा सिंह, सकीना और उसके पूरे परिवार को पसंद किया. धन्यवाद.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu