भारतीय क्रिकेटरों ने चंद्रमा पर ‘चंद्रयान-3’ की साफ्ट लैंडिंग का जश्न मनाया

नयी दिल्ली. भारत के मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने बुधवार को ‘चंद्रयान-3’ के लैंडर मॉड्यूल ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की सफलता का जश्न मनाते हुए इस उपलब्धि को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व करार दिया. बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) द्वारा जारी एक वीडियो में भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से कुछ घंटे पहले टीवी पर ‘चंद्रयान-3’ के लैंडर मॉड्यूल के सॉफ्ट लैंडिंग के अपडेट देखते हुए जश्न मनाती दिखी.

बीसीसीआई ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ”डबलिन से इतिहास बनते हुए देख रहे हैं. भारत के विक्रम लैंडर ने जिस क्षण चंदमा के दक्षिणी ध्रुव की सतह को सफलतापूर्वक छुआ. ” भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाला दुनिया का पहला देश तथा चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाले चार देशों में शामिल हो गया है.

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए लिखा, ”विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा. इसरो भारत के सर्वश्रेष्ठ का प्रतिनिधित्व करता है. मेहनती महिलायें और पुरुष, एक साथ मिलकर चुनौतियों से निपट रहे हैं और हमारे तिरंगे को ऊंचा कर रहे हैं. ” उन्होंने लिखा, ”भारत को चंद्रयान-2 टीम को बधाई देनी चाहिए और जश्न मनाना चाहिए. प्रत्येक ‘हार्ड लैंडिंग’ में ऐसे सबक होते हैं जो हमें सॉफ्ट लैंडिंग के करीब ले जाते हैं – चंद्रमा पर और जीवन में भी. ” स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भी ‘एक्स’ पर लिखा, ”चंद्रयान-3 की टीम को बहुत बहुत बधाई. आपने देश को गौरवान्वित किया. जय हिंद. ”

दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने लिखा, ”इतिहास बन गया. इसरो को इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए बधाई. जय हिंद. ” पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने कहा, ”हमने इतिहास रच दिया. हम सभी को खुशी देने के लिए इसरो को बधाई. यह वाकई में ऐतिहासिक क्षण है. भारत माता की जय. ” पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, ”जब हम सूर्यास्त की तरफ बढ. रहे थे, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर हम उतर गये. कितना गौरवशाली अवसर है. इससे साबित होता है, हर नाकामी के बाद मजबूत वापसी होती है. ”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button