रूस ने ओडेसा पर ड्रोन हमले किए, यूक्रेन का रूसी हवाई मिसाइल रक्षा प्रणाली एस-400 नष्ट करने का दावा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Aug 2023 09:27 PM
रूस ने ओडेसा पर ड्रोन हमले किए, यूक्रेन का रूसी हवाई मिसाइल रक्षा प्रणाली एस-400 नष्ट करने का दावा
ऑडियो सुनें

कीव. रूस और यूक्रेन ने बुधवार तड़के एक-दूसरे पर ड्रोन से हमले किए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. माना जा रहा है कि यूक्रेन ने एक बार फिर मॉस्को को निशाना बनाने की कोशिश की, जबकि रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के अनाज भंडारण डिपो पर एक बार फिर बमबारी शुरू कर दी है. यूक्रेन और रूस के बीच गत 18 महीने से जारी युद्ध में यूक्रेन के अनाज भंडार पर हमला मॉस्को की एक रणनीति बन गया है.

दिन में यूक्रेन की खुफिया एजेंसी ने दावा किया कि उसने क्रीमिया में रूस द्वारा तैनात अहम हवाई मिसाइल रक्षा प्रणाली एस-400 को नष्ट कर दिया है. यूक्रेन के दावे की अगर पुष्टि हो जाती है तो यह मॉस्को के लिए एक और असहज करने वाली स्थिति होगी. यूक्रेन लगातार दक्षिणी और पूर्वी यूक्रेन के रूसी मोर्चे से कहीं भीतर तक घुसकर मॉस्को की परिसंपत्तियों को निशाना बना रहा है.

संक्षिप्त नाम जीयूआर के नाम से जानी जाने वाली एजेंसी ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर दावा किया कि रूस के पास ‘सीमित संख्या’ में जटिल प्रणाली है और यह क्षति ‘उसके लिए बड़ा झटका’ है. मॉस्को के अधिकारियों ने तत्काल इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

लंबी दूरी की एस-400 मिसाइल दुश्मन के विमानों को मार गिराने में सक्षम है और इस तरह की सबसे बेहतरीन प्रणालियों में से एक है. इसकी मारक क्षमता 400 किलोमीटर है और यह एक साथ कई लक्ष्यों को भेद सकती है. इससे पहले यूक्रेन के ओडेसा में कार्यरत क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन प्रमुख ओलेह कीपर ने टेलीग्राम संदेश में कहा कि रूस ने मंगलवार की रात लगातार तीन घंटे तक दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में ड्रोन से हमले किए जिसकी वजह से भंडारण सुविधा में आग लग गई.

यूक्रेन के अवसंरचना मंत्री अलेक्संद्र कुब्राकोव ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि हमले में 13 हजार मीट्रिक टन अनाज बर्बाद हो गया है जिसे मिलाकर इस महीने रूसी हमले में करीब 2,70,000 मीट्रिक टन अनाज बर्बाद हो गया है. कीपर ने दावा किया कि यूक्रेन की हवाई रक्षा प्रणाली ने नौ ‘शाहेद’ ड्रोन को मार गिराया.

उन्होंने कहा, ”दुर्भाग्य से उत्पादन और अंतर परिवहन परिसर को निशाना बनाया गया, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है.” रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा काला सागर के रास्ते यूक्रेन के अनाज निर्यात समझौते से हटने के बाद से रूस लगातार बंदरगाह शहर ओडेसा पर हमला कर रहा है और वहां की अवसंरचना को नष्ट कर रहा है.

इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय और मॉस्को के महापौर ने दावा किया कि रूसी सुरक्षा बलों ने बुधवार तड़के राजधानी मॉस्को और इसके आसपास के क्षेत्रों में यूक्रेन के ड्रोन विमानों को मार गिराया. मंत्रालय ने हालांकि कहा कि इन ड्रोन हमलों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि एक ड्रोन मॉस्को शहर में निर्माणाधीन इमारत पर गिरा. उन्होंने कहा कि यह प्रतिष्ठित वाणिज्यिक परिसर पहले भी दो बार ड्रोन की चपेट में आ चुका है. सोबयानिन के मुताबिक, उक्त घटना में पास की दो इमारतों की कई खिड़कियां टूट गईं, जिसके बाद आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर पहुंचीं.

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ड्रोन विमानों को इलेक्ट्रॉनिक रूप से जाम कर दिया गया. मॉस्को ने यूक्रेन पर हमले का आरोप लगाया और कहा कि रूस के मोजाहिद और खिमकी इलाकों में वायु रक्षा प्रणालियों ने दो अन्य ड्रोन को मार गिराया. रूस की सरकारी मीडिया के अनुसार, घटना के कारण मॉस्को के हवाई अड्डे थोड़ी देर के लिए बंद कर दिए गए, लेकिन अब उन्हें फिर से खोल दिया गया है.

हाल के दिनों में रूस की धरती पर ड्रोन हमले काफी बढ. गए हैं, लेकिन इनसे संपत्ति की बहुत कम क्षति हुई है और कोई हताहत नहीं हुआ है. यूक्रेन के अधिकारियों ने पुरानी नीति के तहत न तो हमले की पुष्टि की है और न ही इससे इनकार किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu