सात्विक-चिराग, त्रिसा-गायत्री की जोड़ियां विश्व चैम्पियनशिप के प्रीक्वार्टरफाइनल में

कोपेनगेहन. भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने बुधवार को यहां केनेथ झे हुई चू और मिंग चुएन लिम की आस्ट्रेलियाई जोड़ी पर सीधे गेम में जीत दर्ज कर विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप के पुरुष युगल के प्री क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी.

भारतीय खिलाड़ी त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे की चांग चिंग हुई और यांग चिन टुन की जोड़ी पर सीधे गेम में जीत दर्ज कर महिला युगल वर्ग के तीसरे दौर में प्रवेश किया. सात्विक और चिराग की दुनिया की दूसरे नंबर की जोड़ी ने पिछले चरण में पहला कांस्य पदक जीता था. उन्होंने आस्ट्रेलियाई प्रतिद्वंद्वियों को 30 मिनट में 21-16 21-9 से शिकस्त दी.

राष्ट्रमंडल खेलों की मौजूदा चैम्पियन जोड़ी का सामना अब इंडोनेशिया के लियो रॉली कार्नांडो और डेनियल मार्तिन की 10वीं वरीय जोड़ी से होगा. इससे पहले गायत्री और त्रिसा की दुनिया की 19वें नंबर की जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली थी. उन्होंने 37वीं रैंकिंग पर काबिज चांग और यांग की जोड़ी को 38 मिनट में 21-18 21-10 में हराया.

यह भारतीय जोड़ी आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के पिछले दो चरण के सेमीफाइनल में पहुंची थी और अब उनका सामना अगले दौर में चीन की चेन किंग चेन और जिया यि फान की शीर्ष वरीय जोड़ी से होगा. त्रिसा और गायत्री पहले 2-5 से पिछड़ रही थी लेकिन जल्द ही उन्होंने रैली के जरिये अपने प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ गलतियां कम करते हुए 8-6 से बढ़त बना ली. चांग और यांग हालांकि 8-8 की बराबरी पर आ गयी लेकिन भारतीय जोड़ी ताइवान की जोड़ी के नेट पर शॉट लगाने से ब्रेक तक 11-9 से आगे हो गयी.

ब्रेक के बाद त्रिसा और गायत्री 14-11 से बढ़त बनाये थीं. तभी त्रिसा ने कुछ गलतियां कर दी लेकिन भारतीय जोड़ी चांग और यांग की र्सिवस गलती से चार गेम प्वाइंट हासिल करने में सफल रहीं. यांग के शॉट के नेट पर जाने से भारतीय जोड़ी ने गेम अपने नाम किया.
दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने यही लय बनाये रखी और एक समय 8-5 से आगे चल रही थीं. एक ताकतवर सर्व से भारतीयों ने ब्रेक तक तीन अंक की बढ़त बनाये रखी.

गायत्री और त्रिसा जल्द ही 14-8 से आगे हो गयी. उन्हें ऊंचाई के कारण र्सिवस की गलती के लिए बुलाया गया लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को गलतियों की वजह से 19-10 से बढ़त बना ली. यांग के फोरहैंड के नेट में जाने से भारतीय जोड़ी 10 मैच प्वाइंट से आगे थे और फिर प्रतिद्वंद्वी के वाइड जाने से मैच जीत लिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button