फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ ने पहले सप्ताहांत में की 40.71 करोड़ रुपये की कमाई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 28 Aug 2023 10:01 PM
फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ ने पहले सप्ताहांत में की 40.71 करोड़ रुपये की कमाई
ऑडियो सुनें

मुंबई. आयुष्मान खुराना अभिनीत फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ ने रिलीज के बाद पहले सप्ताहांत में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 40.71 करोड़ रुपये की कमाई की. फिल्म के निर्माताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी. राज शांडिल्य द्वारा निर्देशित यह फिल्म खुराना की 2019 में आई फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ का सीक्वल है. इसका निर्माण एकता कपूर की कंपनी ‘बालाजी मोशन पिक्चर्स’ के बैनर तले किया गया है.

निर्माण कंपनी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व नाम ट्विटर) खाते पर बॉक्स ऑफिस कमाई की जानकारी साझा करते हुए लिखा, ” ‘ड्रीम गर्ल 2’ ने रिलीज के तीसरे दिन 16 करोड़ रुपये की कमाई की जिससे इसकी बॉक्स ऑफिस कमाई 40.71 करोड़ रुपये हो गई है.” फिल्म में खुराना ने करम का किरदार निभाया है जो अपने प्यार परी से शादी करने के लिए अधिक पैसे कमाना चाहता है. इसके लिए वह रूप बदलकर ‘पूजा’ (लड़की) बनने का फैसला करता है. परी का किरदार अनन्या पांडे ने निभाया है. ‘ड्रीम गर्ल 2’ में परेश रावल, अन्नू कपूर, राजपाल यादव, विजय राज, असरानी, अभिषेक बनर्जी, मंजोत सिंह और सीमा पाहवा जैसे कलाकार भी हैं. फिल्म 25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu