एशियाई चैम्पियनशिप में मा लोंग को चुनौती देकर हारे मानव ठक्कर…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 08 Sep 2023 05:30 PM
एशियाई चैम्पियनशिप में मा लोंग को चुनौती देकर हारे मानव ठक्कर…
ऑडियो सुनें

प्योंगचांग: भारत के युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी मानव ठक्कर शुक्रवार को यहां एशियाई टेबल टेनिस चैम्पियनशिप के पुरुष एकल प्री क्वार्टरफाइनल में चीन के महान खिलाड़ी मा लोंग को चुनौती देकर 0-3 से हार गये। सूरत का यह खिलाड़ी सर्वकालिक महान खिलाड़ी के खिलाफ मुकाबले से पहले नर्वस था लेकिन तीन गेम में इस भारतीय ने अच्छे प्रयास किये।

रैंंिकग में 100वें स्थान पर काबिज 23 साल के ठक्कर पहले गेम में 9-5 से बढ़त बनाये थे लेकिन लोंग ने अगले छह अंक हासिल कर लिये। दूसरे गेम में भी यह भारतीय 8-4 से आगे चल रहा था, पर पांच बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता (दो एकल में और तीन टीम स्पर्धा में) के खिलाफ अपने इस प्रदर्शन को जारी नहीं रख सका।

लोंग ने तीसरे गेम में दबदबा बनाते हुए 11-9, 12-10, 11-5 से जीत दर्ज की। ठक्कर ने पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘एशियाई खेलों से पहले उनके (लोंग के) खिलाफ खेलना शानदार अनुभव रहा। मैंने काफी कुछ सीखा। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं शुरु में थोड़ा नर्वस था लेकिन स्ट्रोक्स लगने के बाद मेरा आत्मविश्वास बढ़ गया। स्टैंड में कई लोग मेरा समर्थन कर रहे थे। अंत में मैं उनके स्तर की बराबरी कर रहा था लेकिन निरंतर नहीं था। महान खिलाड़ियों की सबसे अच्छी बात यह होती है कि जैसे मैच आगे बढ़ता है, वे अपने खेल का स्तर बढ़ा देते हैं। ’’

ठक्कर ने इससे पहले राउंड 32 के मुकाबले में दुनिया के 33वें नंबर के दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी काओ चेंग जुई पर 11-8, 8-11, 11-7, 11-7 से यादगार जीत हासिल की थी। वहीं भारत के अनुभवी खिलाड़ी शरत कमल और जी साथियान को राउंड 32 के मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

लेकिन 170वीं रैंंिकग पर काबिज अयहिका मुखर्जी ने ओलंपिक कांस्य पदक विजेता चीन की चेन ंिजगटोंग को महिला एकल राउंड 32 के पांच गेम के मुकाबले में कड़ी चुनौती दी, पर अंत में 2-11, 6-11, 11-8, 11-9, 11-3 से हार गयीं। अयहिका 2-0 से बढ़त बनाकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत की ओर बढ़ रही थीं लेकिन दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी ने वापसी करते हुए अगले तीन गेम जीत लिये।

पुरुष युगल क्वार्टरफाइनल में ठक्कर और मानुष शाह को चीन के फान झेंगडोंग और लिन गाओयुआन से 5-11, 3-11, 5-11 से हार मिली। अयहिका और सुतिर्था मुखर्जी की महिला युगल जोड़ी को चीन की वांग मान्यु और चेन मेंग की मजबूत जोड़ी से अंतिम आठ चरण में 5-11, 11-13, 10-12 से हार मिली। भारतीय पुरुषों ने इससे पहले टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav