विश्व कप जीत सकता है भारत : कपिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Sep 2023 09:04 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव का मानना है कि भारतीय टीम अपनी धरती पर वनडे विश्व कप जीत सकती है लेकिन उन्होंने कहा कि प्रबल दावेदार का ठप्पा लगाना सही नहीं है क्योंकि बहुत कुछ तकदीर पर निर्भर करेगा . कपिल ने कहा ,” अगर हम शीर्ष चार में आ गए तो यह महत्वपूर्ण होगा . इसके बाद से किस्मत की बात है .” उन्होंने जम्मू तवी गोल्फ कोर्स पर चार से सात अक्टूबर तक होने वाले जे एंड के ओपन के तीसरे सत्र के लांच से इतर कहा ,’ हम अभी नहीं कह सकते कि हम प्रबल दावेदार है . हमारी टीम अच्छी है . दिल कुछ कहता है और दिमाग कहता है कि अभी काफी मेहनत करनी होगी . मैं अपनी टीम को जानता हूं लेकिन दूसरी टीमों को नहीं जानता . ऐसे में जवाब देना गलत होगा .”

उन्होंने कहा ,” जहां तक भारत का सवाल है तो यह टीम जीत सकती है . उन्हें जुनून के साथ खेलना चाहिये .” भारत ने श्रीलंका को एशिया कप फाइनल में दस विकेट से हराकर खिताब जीता . उन्होंने कहा ,” सिराज ने शानदार गेंदबाजी की . मुझे खुशी है कि अब हर देश में हमारे तेज गेंदबाज दस विकेट ले रहे हैं . यह सोने पे सुहागा है . एक समय पर हम स्पिनरों पर निर्भर थे लेकिन अब ऐसा नहीं है . यही इस टीम की ताकत है .” कपिल ने यह भी कहा कि बतौर प्रशंसक वह करीबी मुकाबला देखना चाहते हैं, एशिया कप की तरह एकतरफा मुकाबले नहीं .

उन्होंने कहा ,” एक क्रिकेटर के तौर पर मुझे करीबी मुकाबले देखना पसंद है . लेकिन बतौर खिलाड़ी मैं चाहूंगा कि उन्हें 30 रन पर आउट करके मैच जीत लूं . एक दर्शक के तौर पर मैं करीबी मुकाबले देखना चाहूंगा .” कपिल ने सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल की तारीफ करते हुए कहा ,” यह ऐसा युवा खिलाड़ी है जो भारतीय क्रिकेट का भविष्य है . भारत में इस तरह का खिलाड़ी होना गर्व की बात है .”

शिखर धवन, रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल जैसे सीनियर खिलाड़ी विश्व कप टीम में जगह नहीं बना सके . कपिल ने हालांकि चयनकर्ताओं का बचाव करते हुए कहा ,” जो टीम में जगह नहीं बना सके, उनको लेकर बात हो रही है . सभी की अपनी राय है . चयनकर्ता हमसे बेहतर जानते हें क्योंकि वे आपस में सलाह मशविरा करके सर्वश्रेष्ठ टीम चुनते हैं . उन्हें उनका काम करने दीजिये .ऊंगली उठाना आसान है .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu