एशियाई खेल शतरंज: भारतीय पुरुष टीम दूसरे दौर में हारी, हंपी और हरिका ने दो-दो जीत दर्ज की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Sep 2023 10:12 PM
एशियाई खेल शतरंज: भारतीय पुरुष टीम दूसरे दौर में हारी, हंपी और हरिका ने दो-दो जीत दर्ज की
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. भारतीय ग्रैंडमास्टर विदित संतोष गुजराती रविवार को यहां एशियाई खेलों की पुरुष व्यक्तिगत शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे दौर में कजाखस्तान के अंतरराष्ट्रीय मास्टर काजिबेक नोगरबेक के खिलाफ उलटफेर का शिकार हो गए. विदित पुरुष वर्ग में तीसरे सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाले खिलाड़ी हैं.

महिला वर्ग में भारत की दो शीर्ष खिलाड़ियों कोनेरू हंपी और डी हरिका ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले दो दौर में जीत दर्ज की.
विदित ने पहले दौर में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय मास्टर मोहम्मद फहद रहमान को हराकर अच्छी शुरुआत की लेकिन दूसरे दौर में उन्हें कजाखस्तान के प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा.

रेपिड प्रारूप में खेली जा रही व्यक्तिगत स्पर्धा में हिस्सा ले रहे एक अन्य भारतीय अर्जुन एरिगेसी के दो दौर के बाद 1.5 अंक हैं.
पहले दौर में फिलिपीन्स के पाउलो बेरसामिना को हराने के बाद 20 साल के एरिगेसी ने दूसरे दौर में वियतनाम के ली तुआन मिन्ह के खिलाफ बाजी ड्रॉ की.

पुरुष वर्ग में उज्बेकिस्तान के स्टार नोदिरबेक अब्दुसतोरोव और चीन के वेई यी पुरुष वर्ग में हिस्सा ले रहे शीर्ष खिलाड़ी हैं. महिला वर्ग में हंपी और हरिका क्रमश: तीसरी और चौथी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग की खिलाड़ी हैं. दोनों को अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतने में कोई परेशानी नहीं हुई.

ग्रैंडमास्टर हंपी ने ईरान की एलिनासबालमारदी मोबिना को हराकर शुरुआत की और फिर अगले दौर में वियतनाम की फेम ली थाओ एनगुएन को हराया. ग्रैंडमास्टर हरिका ने यूएई की अलाली रोदा को हराने के बाद दूसरे दौर में सिंगापुर की महिला ग्रैंडमास्टर कियानयुन गोंग को शिकस्त दी. ये दोनों भारतीय महिला खिलाड़ी उन पांच खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनके दो दौर के बाद पूरे अंक हैं. व्यक्तिगत स्पर्धाओं की समाप्ति के बाद टीम स्पर्धा होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu