निशानेबाजी और क्रिकेट में स्वर्ण; नौकायन में प्रभावी प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 10:20 PM
निशानेबाजी और क्रिकेट में स्वर्ण; नौकायन में प्रभावी प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. महिला क्रिकेट टीम ने एशियाई खेलों के दूसरे दिन सोमवार को यहां स्वर्ण पदक जीता जबकि निशानेबाजी और नौकायन में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी रहा, जिससे देश ने सोमवार को छह पदक जीते. भारत ने खेलों के दूसरे दिन दो स्वर्ण, चार कांस्य पदक जीते.

युवा तेज गेंदबाज टिटास साधू के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने सोमवार को श्रीलंका को 19 रन से हराकर एशियाई खेलों की महिला क्रिकेट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता . बल्लेबाजी के लिये कठिन पिच पर भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 116 रन बनाये .

जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 97 रन ही बना सकी . चार दिन बाद अपना 19वां जन्मदिन मनाने जा रही साधू ने चार ओवर में छह रन देकर तीन विकेट लिये . इससे पहले भारत के लिये स्मृति मंधाना (45 गेंद में 46 रन) और जेमिमा रौड्रिग्ज (40 गेंद में 42 रन) ने दूसरे विकेट के लिये 73 रन जोड़े .

भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए टीम स्वर्ण पदक सहित तीन पदक जीते. विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल की अगुआई में भारत की 10 मीटर एयर राइफल टीम ने विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ मौजूदा एशियाई खेलों में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता. ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता. उन्होंने कांस्य पदक के मुकाबले में रुद्रांक्ष को पछाड़ा जो चौथे स्थान पर रहे.

आदर्श सिंह, अनीष भानवाला और विजयवीर सिद्धू की भारतीय तिकड़ी ने 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल की टीम स्पर्धा में 1718 अंक से इंडोनेशिया के साथ टाई रहने के बाद कांस्य पदक जीता. भारत के नौकायन खिलाड़ियों ने दो स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते. जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनीत कुमार और आशीष गोलियान की टीम ने पुरुष फोर स्पर्धा में कांस्य पदक के साथ की जिसके बाद सतनाम सिंह, परमिंदर सिंह, जाकर खान और सुखमीत सिंह ने पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स में कांस्य पदक अपने नाम किया.

क्वाड्रपल स्कल्स में भारतीय टीम ने छह मिनट 8.61 सेकेंड का समय लिया. चीन (6:02.65) को स्वर्ण जबकि उज्बेकिस्तान (6:04.64) को रजत पदक मिला. भारत के बलराज पंवार हालांकि पुरुष एकल स्कल्स में चौथे स्थान पर रहते हुए एशियाई खेलों में अपना पहला पदक जीतने से चूक गए.

भारत की महिला टीम ने सबसे अधिक निराश किया जो महिला ऐट स्पर्धा में पांच टीम की स्पर्धा में सात मिनट 5.71 सेकेंड के समय के समय के साथ अंतिम स्थान पर रही. टेनिस में एक बड़े उलटफेर में स्वर्ण पदक के दावेदार शीर्ष वरीयता प्राप्त रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी की जोड़ी पुरूष युगल में निचली रैंकिंग वाले प्रतिद्वंद्वियों से हारकर एशियाई खेलों से बाहर हो गयी. उजबेकिस्तान के सर्जेइ फोमिन और खुमोयुन सुल्तानोव ने यह मुकाबला 2-6, 6-3, 10-6 से जीता .

इससे पहले भारत की शीर्ष एकल खिलाड़ी अंकिता रैना ने शानदार शुरूआत करते हुए महिला एकल टेनिस के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि रूतुजा भोसले को निचली रैंकिंग वाली अरूजान सगनडिकोवा के खिलाफ जीतने में काफी पसीना बहाना पड़ा .
बोपन्ना ने बाद में रुतुजा के साथ मिश्रित युगल में उज्बेकिस्तान के अक्गुल अमामुराडोवा और मैक्सिम शिम की जोड़ी को 6-4, 6-2 से हराया.

मुक्केबाजी में विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता दीपक भोरिया और निशांत देव ने अपने-अपने वजन वर्गों के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. दीपक ने पुरुषों की 51 किग्रा में मलेशिया के मुहम्मद अब्दुल कय्यूम बिन अरिफिन को 5-0 से हराया, जबकि निशांत ने पुरुषों के 71 किग्रा के पहले दौर में नेपाल के दीपेश लामा पर इसी अंतर से जीत दर्ज की. महिलाओं के 66 किग्रा भार वर्ग में हालांकि अरुंधति चौधरी को पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा. भारतीय जूडो खिलाड़ी गरिमा चौधरी महिला 70 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में फिलिपीन्स की रयोको सेलिनास के खिलाफ इप्पोन से हारकर एशियाई खेलों से बाहर हो गईं.

शतरंज में विदित गुजराती ने दो बाजियां जीती लेकिन महिला खिलाड़ियों ने निराश किया. गुजराती ने तीसरे दौर में थाईलैंड के प्रिन लाओहाविरापाप को और अगले दौर में वियतनाम के ले तुआन मिन्ह को हराकर अपने अंकों की संख्या तीन कर ली. वह अभी छठे स्थान पर हैं. भारत के ही एक अन्य खिलाड़ी चौथी वरीयता प्राप्त अर्जुन एरीगैसी के भी गुजराती की तरह तीन अंक हैं.

महिला वर्ग में पहले दो दौर में जीत दर्ज करने वाली कोनेरू हंपी और डी हरिका अगले दो दौर में केवल आधा अंक ही हासिल कर पाई. इन दोनों खिलाड़ियों के चार दौर के बाद समान 2.5 अंक हैं. भारतीय खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी ने महिलाओं की 60 किलोग्राम वुशु (सांडा) स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच कर देश के लिए एक और पदक पक्का कर लिया.

पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में सूर्य भानु प्रताप सिंह ने सांड़ा स्पर्धा में उज्बेकिस्तान के इसलोमबेक खायदारोव को शिकस्त देकर अंतिम आठ में जगह बनायी जबकि पुरुषों के 65 किग्रा स्पर्धा विक्रांत बालियान को हार का सामना करना पड़ा. भारतीय महिला हैंडबॉल टीम को एशियाई खेलों के अपने शुरूआती मैच में सोमवार को यहां जापान से 41-13 के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा.

भारतीय टीमों के लिये बास्केटबॉल कोर्ट पर मिला जुला दिन रहा जब पुरूष टीम ने मलेशिया को हरा दिया लेकिन महिला टीम उजबेकिस्तान से हार गई . भारतीय महिला रग्बी टीम एशियाई खेलों में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए चार मैचों में से एक भी जीत दर्ज करने में नाकाम रही. यह टीम आठवें पायदान पर रही.

हांगकांग और जापान से क्रमश: 38-0 और 45-0 से हारने वाली भारत टीम को पूल एफ के अपने तीसरे मैच में सोमवार को यहां विश्व रैंकिंग में 35 वें स्थान पर काबिज सिंगापुर ने 15-0 से हराया. सातवें और आठवें स्थान के मैच में भी भारतीय टीम ने निराश किया. टीम को कजाखस्तान ने 24-7 से शिकस्त दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu