गिल को विश्राम, पंड्या, शमी और ठाकुर घर लौटे: रोहित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Sep 2023 08:00 PM
गिल को विश्राम, पंड्या, शमी और ठाकुर घर लौटे: रोहित
ऑडियो सुनें

राजकोट. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मंगलवार को कहा कि बेहतरीन फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल सहित पांच खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और अंतिम एकदिवसीय क्रिकेट मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे, क्योंकि कुछ खिलाड़ी वायरल से पीड़ित है जबकि कुछ खिलाड़ियों ने घर लौटने का विकल्प चुना है.

तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 से आगे चल रहे भारत को इस तरह से अंतिम वनडे के लिए 13 खिलाड़ियों में से टीम का चयन करना होगा. गिल को जहां विश्राम दिया गया है वहीं एशिया कप के दौरान चोटिल होने वाले अक्षर पटेल राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में उपचार करा रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो वनडे में खेलने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर तथा श्रृंखला में एक भी मैच नहीं खेलने वाले हार्दिक पंड्या अपने घर लौट गए हैं.

रोहित ने तीसरे मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा,”हमारे कुछ खिलाड़ी अस्वस्थ हैं और चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे जबकि कुछ खिलाड़ी निजी कारणों से घर लौट गए हैं. इसके अलावा कुछ खिलाड़ियों को विश्राम दिया गया है. अभी हमारे पास चयन के लिए केवल 13 खिलाड़ी मौजूद हैं.”

उन्होंने कहा,”गिल को विश्राम दिया गया है, जबकि शमी, हार्दिक और शार्दुल निजी कारणों से घर लौट गए हैं. अक्षर पटेल इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं है.” रोहित ने कहा कि कुछ खिलाड़ी वायरल से पीड़ित हैं जिससे उनके चयन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. उन्होंने कहा,” कुछ खिलाड़ी वायरल की चपेट में आ गए हैं जिससे अभी टीम में अनिश्चितता बनी हुई है और इस मामले में हम कुछ नहीं कर सकते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu