कमीशन नहीं मिलने पर भाजपा नेता ने आधा किलोमीटर तक खुदवा दी सड़क, CM योगी ने दिखाई सख्ती

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 05 Oct 2023 09:49 PM
कमीशन नहीं मिलने पर भाजपा नेता ने आधा किलोमीटर तक खुदवा दी सड़क, CM योगी ने दिखाई सख्ती
ऑडियो सुनें

शाहजहांपुर. शाहजहांपुर जिले में कटरा सीट से भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह के कथित प्रतिनिधि ने ठेकेदार के कमीशन नहीं देने पर उसके द्वारा बनवायी गयी सड़क को आधा किलोमीटर तक खुदवा दिया, लेकिन इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोषियों से ही नुकसान की भरपाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये हैं. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत 20 अन्य लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट के हवाले से बृहस्पतिवार को बताया कि जैतीपुर थाना क्षेत्र में जैतीपुर से नवादा होते हुए बदायूं जिले तक जाने वाले राजमार्ग का निर्माण कराया जा रहा है. यह काम करा रही संस्था के प्रबंधक रमेश सिंह ने पिछली तीन अक्टूबर को दर्ज करायी गयी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि कटरा क्षेत्र से भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह के प्रतिनिधि जगबीर सिंह ने दो अक्टूबर को अपने 10-15 साथियों के साथ सड़क बना रहे कर्मचारियों को लाठी-डंडों से पीटा और जेसीबी चलाकर बनी हुई सड़क को आधा किलोमीटर तक उखाड़ दिया.

उन्होंने बताया कि इस मामले में पिछली तीन अक्टूबर की रात आरोपी जगदीश समेत 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की कई टीम बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है. राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सड़क खोदने के दोषियों से ही उसकी भरपाई सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिये हैं.

कटरा क्षेत्र से विधायक वीर विक्रम सिंह ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि जगवीर सिंह उनका प्रतिनिधि नहीं है. वह भाजपा का कार्यकर्ता जरूर है. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है. सड़क निर्माण करा रही संस्था के प्रबंधक रमेश सिंह ने बताया कि आरोपी जगवीर सिंह खुद को विधायक का प्रतिनिधि बताता है और उसने घटना से पहले भी कई बार आकर कर्मचारियों को भयभीत कर पांच प्रतिशत कमीशन देने की मांग की थी.

कमीशन नहीं देने पर उसने कम्पनी द्वारा बनवायी गयी सड़क को आधा किलोमीटर तक खुदवा दिया. अपर जिलाधिकारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से सारी जानकारी ली गई है और तिलहर के उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक टीम बनाई गई है जो पूरे मामले की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav