काहिरा/काठमांडू. मिस्र के अलेक्जेंड्रिया शहर में रविवार को एक पुलिसकर्मी ने एक पर्यटक स्थल पर इजराइली पर्यटकों को निशाना बनाकर गोलीबारी की, जिससे इजराइल के दो और मिस्र के एक नागरिक की मौत हो गई. मिस्र और इजराइल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. मिस्र के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह घटना शहर के ‘पोम्पी पिलर’ पर्यटन स्थल पर हुई. इसने कहा कि घटना में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है.
हालांकि, मंत्रालय ने घटना के संबंध में अधिक विवरण साझा नहीं किया. इजराइल के विदेश मंत्रालय ने घायल की पहचान इजराइली नागरिक के रूप में की है. मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इजरायली अधिकारी इजरायलियों को स्वदेश लाने के लिए मिस्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं.
‘एक्स्ट्रा न्यूज’ चैनल ने सूत्रों के हवाले से कहा कि संदिग्ध हमलावर को हिरासत में लिया गया है. सुरक्षा बलों ने घटना के बाद तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी. मिस्र में हुई यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब इजराइल और फलस्तीनी चरमपंथियों के बीच संघर्ष जारी है.
इजराइल में हमास के हमले के बाद 12 नेपाली छात्र लापता : विदेश मंत्री सऊद
नेपाल के विदेश मंत्री एन. पी. सऊद ने रविवार को कहा कि दक्षिणी इजराइल में पढ़ाई कर रहे 12 नेपाली छात्र आतंकवादी समूह हमास के हमले के बाद से लापता हैं और उनके हताहत होने की आशंका है. गाजा पट्टी पर शासन करने वाले हमास ने शनिवार सुबह इजराइल के दक्षिण में हवा, भूमि और समुद्र से अचानक हमला कर दिया था.
इजराइल में सैनिकों समेत कम से कम 350 इजराइली मारे गए हैं और 1,900 से अधिक घायल हुए हैं. इसे बीते 50 साल में देश में हुआ सबसे भीषण हमला कहा जा रहा है. इजराइल के जवाबी हमले में गाजा पट्टी में लगभग 300 लोगों की मौत हुई है जबकि करीब 1,500 घायल हुए हैं.
सऊद ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ह्ल12 नेपाली छात्रों से संपर्क नहीं हो पाया है और उनके हताहत होने की आशंका है.ह्व विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार ”सीखो और कमाओ” कार्यक्रम के तहत 17 नेपाली छात्र दक्षिणी इजराइल के कुबुज अलुमिम में रह रहे थे. उनमें से दो छात्र सुरक्षित निकलने में सफल रहे और तीन छात्र घायल हो गए. विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि घायल नेपाली छात्रों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.
फिलहाल 4,500 नेपाली इजराइल में काम कर रहे हैं वहीं 265 नेपाली छात्र ”सीखो और कमाओ” योजना के तहत विभिन्न कृषि कंपनियों में काम कर रहे हैं. विदेश मंत्रालय ने हमास आतंकवादी समूह द्वारा इजराइल में किए गए हमले की कड़ी निंदा की है.
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नेपाल सरकार ने घटना को गंभीरता से लिया है. मंत्रालय के अनुसार, नेपाल सरकार ने विदेश मंत्री सऊद की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है जिसका उद्देश्य इजराइल में मौजूद नेपाली नागरिकों को बचाना है.
सऊद ने रविवार को संसद को बताया, “समिति लगातार स्थिति की निगरानी करेगी, नेपाली नागरिकों के सामने आने वाली स्थितियों का मूल्यांकन करेगी, बचाव कार्यों के संबंध में आवश्यक निर्णय लेगी और प्रभावी ढंग से समन्वय एवं सहयोग करेगी.” इससे पहले हमास आतंकवादियों के हमले में कम से कम नौ नेपाली नागरिकों के घायल होने की खबर थी.