जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की, ‘लाइव दर्शन’ की सुविधा शुरू की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Oct 2023 07:09 PM
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की, ‘लाइव दर्शन’ की सुविधा शुरू की
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं के लिए ‘लाइव दर्शन’ की सुविधा शुरू की. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) के अध्यक्ष सिन्हा ने माता वैष्णो देवी तीर्थयात्रा पर रूपा प्रकाशन द्वारा प्रकाशित ‘भक्ति की शक्ति’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया.

उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल ‘महाअष्टमी’ के अवसर पर मंदिर आए और केंद्र शासित प्रदेश की शांति, समृद्धि और प्रगति के लिए प्रार्थना की. सिन्हा ने एसएमवीडीएसबी की वेबसाइट पर ‘लाइव दर्शन’ सुविधा और एक द्विभाषी चैटबॉट की भी शुरूआत की और श्रद्धालुओ को इसे सर्मिपत किया. ‘लाइव दर्शन’ की सुविधा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है. अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की व्यापक सुविधा के लिए यह पहल की गई है.

इसके अलावा, तीर्थयात्रियों को प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से, आधिकारिक वेबसाइट के लिए एक द्विभाषी इंटरैक्टिव चैटबॉट ‘शक्ति’ विकसित किया गया है, जो तीर्थयात्रियों के सवालों एवं शिकायतों के समाधान में 24 घंटे मदद करेगा. अधिकारियों ने बताया कि चैटबॉट बोर्ड द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं और सुविधाओं पर सभी प्रासंगिक जानकारी प्रदान करेगा और श्रद्धालुओं को उनकी यात्रा की योजना पहले से बनाने में बहुत जरूरी मदद प्रदान करेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu