यूक्रेन ने मारियुपोल में इस्पात संयंत्र से लोगों को निकाला, रूस ने ओडेसा में मिसाइलें दागी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 08 May 2022 06:02 PM
यूक्रेन ने मारियुपोल में इस्पात संयंत्र से लोगों को निकाला, रूस ने ओडेसा में मिसाइलें दागी
ऑडियो सुनें

जापोरिज्जिया. रूस की सेना ने शनिवार को दक्षिणी यूक्रेन के ओडेसा शहर में क्रूज मिसाइलें दागी और मारियुपोल में घेरे गए इस्पात संयंत्र पर बमबारी की, जहां यूक्रेन के लड़ाके फंसे हुए है. विजय दिवस समारोह से पहले रूस को इस बंदरगाह पर कब्जा जमाने की उम्मीद है. अधिकारियों ने बताया कि संयंत्र से आखिर में बची महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को निकाल लिया गया है लेकिन यूक्रेन के लड़ाके वहीं फंसे हुए हैं.

वहीं, यूक्रेन की सेना ने काला सागर द्वीप पर रूस के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया है जिसे रूस ने युद्ध के शुरुआती दिनों में अपने कब्जे में ले लिया था. पश्चिमी सैन्य विश्लेषकों का यह भी कहना है कि यूक्रेन की सेना देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव के आसपास बढ़ रही है, जहां अब भी रूस बमबारी कर रहा है. यूक्रेन की सेना ने कहा कि पीछे हट रही रूसी सेना ने शहर के उत्तरपूर्व में एक सड़क पर तीन पुलों को ध्वस्त कर दिया है.

द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद से सबसे बड़े यूरोपीय संघर्ष में हजारों लोगों की मौत हो गयी है, लाखों लोगों को अपने घरों से विस्थापित होना पड़ा और कुछ शहरों के बड़े इलाके तबाह हो गए हैं. यूक्रेन के नेताओं ने चेतावनी दी है कि 77 साल पहले नाजी जर्मनी की हार का जश्न मनाने के लिए सोमवार को आयोजित विजय दिवस के मद्देनजर रूसी हमले और भी बदतर होंगे और राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने लोगों से हवाई हमलों की चेतावनियों को मानने का अनुरोध किया है.

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ंिब्लकन ने शनिवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर ‘‘यूक्रेन के खिलाफ अपने बिना उकसावे के और क्रूर युद्ध को न्यायोचित ठहराने की कोशिश के लिए इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने’’ का प्रयास करने का आरोप लगाया.
हाल के दिनों में सबसे भीषण युद्ध पूर्वी यूक्रेन में देखा गया है. रूस का हमला वहां डोनबास क्षेत्र पर केंद्रित है जहां रूस सर्मिथत अलगाववादी 2014 से लड़ रहे हैं. लुहांस्क क्षेत्र के गवर्नर ने कहा कि रूस के हमले में बिलोगोरिव्का गांव में एक स्कूल तबाह हो गया, जहां 90 लोगों ने शरण ली हुई थी.

टेलीग्राम पर जलते हुए मलबे की तस्वीरें पोस्ट करने वाले गवर्नर सेरही हेदई ने कहा कि 30 लोगों को बचाया गया है. आपात सेवाओं ने बाद में बताया कि दो शव बरामद किए गए हैं तथा और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. बचाव कार्य रात को निलंबित कर दिया गया लेकिन रविवार को बहाल किया गया. हेदई ने बताया कि प्रिविला शहर में रूस की बमबारी में 11 और 14 वर्ष की आयु के दो लड़के मारे गए जबकि आठ और 12 साल की आयु की दो लड़कियां तथा 69 वर्षीय महिला घायल हो गयीं.

यूक्रेन की सेना ने रविवार को आगाह किया कि पड़ोसी मोल्दोवा में रूसी और अलगाववादी सैनिक ‘‘पूरी तरह चौकन्ने’’ हैं. मॉस्को दक्षिण यूक्रेन पर कब्जा जमाना चाहता है ताकि देश को समुद्र मार्ग से अलग किया जाए और ट्रांसनिस्त्रिया तक एक गलियारा बनाया जाए. रूस ने शनिवार को ओडेसा शहर पर छह क्रूज मिसाइलें दागी. शहर में मंगलवार सुबह तक कर्फ्यू लगा हुआ है. सोशल मीडिया पर पोस्ट की गयी तस्वीरों में काला सागर के इस बंदरगाह शहर पर घना काला धुआं उठता हुआ देखा जा सकता है.

ओडेसा नगर परिषद ने बताया कि चार मिसाइलें एक फर्नीचर कंपनी में गिरीं और अन्य दो मिसाइलें ओडेसा हवाईअड्डे पर गिरीं. रविवार तड़के कई बार हवाई हमले के सायरन की आवाज सुनी गयी. उपग्रह से ली गयी तस्वीरों के विश्लेषण से पता चलता है कि यूक्रेन काला सागर पर कब्जा करने के रूस के प्रयासों को नाकाम करने के लिए रूसी कब्जे वाले स्रेक आइलैंड को निशाना बना रहा है.

मारियुपोल में यूक्रेनी लड़ाकों ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण इस शहर पर रूस के पूर्ण कब्जे से पहले वहां एक इस्पात संयंत्र में फंसे नागरिकों को निकाला. इस शहर पर कब्जे से मॉस्को को क्रीमियाई प्रायद्वीप तक एक जमीनी संपर्क मिल जाएगा. बचावकर्ताओं के शनिवार को अंतिम नागरिकों को निकालने जाने के बाद जेलेंस्की ने अपने रात्रि संबोधन में कहा कि अब घायलों और चिकित्सकों को निकालने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि मारियुपोल और आसपास के शहरों के निवासियों के लिए सुरक्षित मानवीय गलियारा बनाने का काम रविवार को भी जारी रहेगा. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अजोवस्तल संयंत्र में फंसे अनुमानित 2,000 लड़ाकों का क्या होगा. जेलेंस्की ने कहा कि अधिकारी उन्हें निकालने का रास्ता तलाशने की कोशिश कर रहे हैं. बहरहाल, पश्चिमी सैन्य विश्लेषकों ने कहा कि यूक्रेनी सेना शहर के आसपास ठिकानों पर कब्जा जमाने में प्रगति कर रही है. यूक्रेन की सेना ने कहा कि उसने पांच गांवों और छठे गांव के एक हिस्से पर फिर से कब्जा जमा लिया है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu