ईडी ने बैंक धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन के मामले में पंजाब में ‘आप’ विधायक को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Nov 2023 08:09 PM
ईडी ने बैंक धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन के मामले में पंजाब में ‘आप’ विधायक को किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जसवंत सिंह गज्जन माजरा को कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि विधायक को मलेरकोटला में आयोजित एक जनसभा से एजेंसी के अधिकारियों ने हिरासत में लिया था और फिर उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया.

सूत्रों ने आरोप लगाया कि गज्जन माजरा ने अतीत में उन्हें जारी किए गए कई समन को नजरअंदाज किया था, इसलिए उन्हें हिरासत में लिया गया और फिर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया. ‘आप’ की पंजाब इकाई के प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा, “जिस तरह से ईडी ने उन्हें एक जनसभा से हिरासत में लिया है, वह पार्टी को बदनाम करने की भाजपा की राजनीति को दर्शाता है.” कंग ने कहा कि ‘आप’ में शामिल होने से पहले से गज्जन माजरा एक मामले का सामना कर रहे थे.

सीबीआई ने 40 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले में गज्जन माजरा से जुड़े परिसरों पर पिछले साल मई में छापेमारी की थी. पिछले साल सितंबर में, ईडी ने कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी से संबंधित धन शोधन की जांच के तहत गज्जन माजरा से जुड़े कई परिसरों में छापेमारी की थी. ईडी की टीम ने तब छापेमारी के बाद 32 लाख रुपये नकद, कुछ मोबाइल फोन और हार्ड ड्राइव जब्त किए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu