मोदी ने ‘अपमानजनक’ टिप्पणी पर नीतीश की आलोचना की, महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित करने पर दिया जोर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 08 Nov 2023 07:54 PM
मोदी ने ‘अपमानजनक’ टिप्पणी पर नीतीश की आलोचना की, महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित करने पर दिया जोर
ऑडियो सुनें

गुना. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को विधानसभा में महिलाओं के खिलाफ ‘अपमानजनक’ टिप्पणी को लेकर बिना नाम लिये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना की और कहा कि महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित करने के लिए वह जो भी कर सकेंगे, करेंगे.

उन्होंने कहा कि महिलाओं का इतना अपमान होने के बावजूद विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों ने एक शब्द भी नहीं बोला है.
मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लिए बगैर कहा,”कल ‘इंडी’ गठबंधन के बड़े नेताओं में से एक, जो ब्लॉक का झंडा ऊंचा रख रहे हैं और वर्तमान सरकार (केंद्र में) को हटाने के लिए तरह-तरह के खेल खेल रहे हैं, उन्होंने माताओं -बहनों की उपस्थिति में राज्य विधानसभा में ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बारे में कोई सोच भी नहीं सकता…उन्हें इसके लिए शर्म तक महसूस नहीं हुई.”

नीतीश कुमार ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए महिलाओं की शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए मंगलवार को राज्य विधानसभा में कहा कि कैसे एक शिक्षित महिला अपने पति को संबंध बनाने के दौरान ‘रोक’ सकती है. उन्होंने बुधवार को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी.
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसी दृष्टि रखने वाले आपका मान-सम्मान कैसे रखेंगे? वे कितना नीचे गिरेंगे? देश के लिए कितनी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है. मैं आपका मान-सम्मान सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा. वह 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के गुना में एक रैली को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि उन्हें (नीतीश कुमार) शर्म नहीं आती. इतना ही नहीं, महिलाओं के प्रति इतने बड़े अपमान के बावजूद ‘इंडी’ गठबंधन के किसी भी नेता ने एक शब्द तक नहीं बोला. उन्होंने सवाल किया, जो लोग माताओं-बहनों के प्रति ऐसी सोच रखते हैं, क्या वे कोई भला कर सकते हैं?

उन्होंने कहा, ”माताओ-बहनो- आपके सम्मान के लिए मैं जो भी कर सकूंगा, करूंगा.” देशभर में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन योजना दिसंबर के बाद भी जारी रखने के अपने वादे का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह इस मुद्दे पर उनके खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत करेगी.

उन्होंने कहा, ”मैं अगले पांच वर्षों तक 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन योजना जारी रखने के लिए सब कुछ करूंगा. उन्हें (कांग्रेस) मेरे खिलाफ दुनिया की किसी भी अदालत में जाने दो.” मोदी ने यह भी कहा कि उनकी सरकार एक ऐसी नीति पर काम कर रही है जिसके तहत हर घर में सौर ऊर्जा के जरिए बिजली पैदा की जाएगी. घरेलू खपत के बाद बची अतिरिक्त बिजली सरकार द्वारा खरीदी जाएगी और इस प्रकार देश का प्रत्येक नागरिक बिजली उत्पादक बन जाएगा.

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र में भाजपा के 10 वर्षों के शासन के दौरान, मध्य प्रदेश सरकार का राज्य बजट 80,000 करोड़ रुपये से बढ़कर तीन लाख करोड़ रुपये हो गया और जब कांग्रेस केंद्र में सत्ता में थी तो वह राज्य के लिए पर्याप्त धन आवंटित नहीं करती थी.
मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश का विकास हो रहा है और 2014 में केंद्र में भाजपा के सत्ता में आने के बाद डबल इंजन सरकारों के कारण इसकी अर्थव्यवस्था में तेजी आई है.

उन्होंने लोगों को कांग्रेस को चुनने के प्रति आगाह करते हुए कहा कि यह विकास में बाधा डालती है. भाजपा शासित मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होना है. इससे पहले, मोदी ने दमोह शहर में एक रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विपक्ष द्वारा लगातार की जा रही उनकी आलोचना के बावजूद वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना जारी रखेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu