औरैया में बहन का शव मोटरसाइकिल से ले जाने का वीडियो वायरल, दो चिकित्सकों पर कार्रवाई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 08 Nov 2023 08:27 PM
औरैया में बहन का शव मोटरसाइकिल से ले जाने का वीडियो वायरल, दो चिकित्सकों पर कार्रवाई
ऑडियो सुनें

औरैया. औरैया जिले के एक अस्पताल में युवक द्वारा अपनी बहन का शव मोटरसाइकिल से घर ले जाने का हृदय विदारक वीडियो सामने आने पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रालय का कामकाज संभालने वाले उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर बुधवार को संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षक समेत दो चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की गयी.

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर कुमार वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें एक युवक विधूना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) के बाहर अपनी बहन का शव एक दुपट्टे के जरिये पीठ पर बांधकर मोटरसाइकिल से ले जाता दिख रहा है.

इस मामले की जांच के बाद स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षक के रूप में कार्यरत चिकित्सक अविचल पांडेय और यहां तैनात एक अन्य चिकित्सक कृपाराम के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि करते हुए उन्हें हटा दिया गया है. यह कार्रवाई प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर की गयी है.

उपमुख्यमंत्री ने बुधवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट करके कहा कि उन्होंने जनपद औरैया के बिधूना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शव को पीठ पर बांधकर मोटरसाइकिल से ले जाने से संबंधित वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है. पाठक ने कहा कि उन्होंने केन्द्र अधीक्षक और उक्त प्रकरण से संबंधित चिकित्सकों को भविष्य के लिए एक-एक प्रतिकूल प्रविष्टि देकर तत्काल वहां से हटाये जाने का आदेश मुख्य चिकित्सा अधिकारी औरैया को दिया है.

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को मरीजों के लिए एंबुलेंस सुविधा सुनिश्चित करने के आदेश दिये गए हैं. पद से हटाए गये सीएचसी अधीक्षक अविचल पांडेय ने कहा कि उन्हें इस घटना के बारे में जानकारी ही नहीं थी. उन्होंने कहा कि अगर मृतक युवती के परिजन शव वाहन मांगते तो उन्हें उपलब्ध कराया जाता.

मुख्य चिकित्सा अधिकारी वर्मा ने बताया कि मंगलवार को जिले की नवीन बस्ती में रहने वाली 20 वर्षीय अंजलि नहाने के लिए पानी गर्म करने कमरे में गई थी. पानी गर्म करने के लिये बाल्टी में ‘इले्ट्रिरक रॉड’ डाली गयी थी, लेकिन इसी दौरान अंजलि बिजली के करंट की चपेट में आ गई. परिजन उसे विधूना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
उन्होंने बताया कि मृतका के परिजन पोस्टमार्टम कराये बगैर ही शव को घर ले जाने की बात कहकर बाहर निकले. उन्होंने कहा कि परिजन मोटरसाइकिल से ही शव ले जाने लगे.

अंजलि के भाई आयुष ने शव को दुपट्टे की मदद से अपनी पीठ पर बांधा और उसकी दूसरी बहन ने मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर उसे सहारा दिया. इसी दौरान किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया. प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार को घेरने की कोशिश की.

पार्टी ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ”योगी आदित्यनाथ की सरकार में स्वास्थ्य सेवाओं का निकला जनाजा, बहन के शव को मोटरसाइकिल से घर ले गया भाई! औरैया के बिधूना में सीएचसी के बाहर बाइक पर बहन के शव को पीठ पर बांधकर घर ले जाने की खबर बेहद दुखद एवं इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना है. विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार का प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग एक एंबुलेंस का इंतजाम ना कर सका. शर्मनाक!”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu