अवैध रूप से रेत खनन कर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रौली से पटवारी को कुचलकर मार डाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 Nov 2023 07:52 PM
ऑडियो सुनें

शहडोल. मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में अवैध रूप से रेत खनन कर ले जाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर एक पटवारी की हत्या कर दी गई. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार मध्यरात्रि के आसपास हुई घटना के सिलसिले में आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने इस घटना के लिए राज्य में भाजपा शासन के दौरान कथित भ्रष्टाचार और घोटालों को जिम्मेदार ठहराया. कमलनाथ ने सोशल मीडिया मंच’एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ”यह पहली बार नहीं है कि मध्य प्रदेश में रेत माफिया ने किसी सरकारी अधिकारी को इस तरह से कुचल कर मार डाला है. यह स्थिति मध्य प्रदेश में शिवराज (मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान) सरकार के दौरान पनपे भ्रष्टाचार और घोटालों के कारण उत्पन्न हुई है.” कांग्रेस नेता ने शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की.

देवलौंद पुलिस थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि पटवारी प्रसन्न सिंह सहित सरकारी कर्मचारियों की एक टीम ने गोपालपुर क्षेत्र में सोन नदी के पास अवैध रूप से खनन की गई रेत भरकर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने सिंह को कुचल दिया. सिंह ब्यौहारी तहसील के खड्डा में पटवारी के पद पर तैनात थे. अधिकारी ने बताया कि सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया.

शहडोल के पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर ट्रैक्टर और उसके चालक शुभम विश्वकर्मा (25) की पहचान की, जिसे रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने कहा कि अपराध स्थल से लगभग आठ किलोमीटर दूर स्थित मैहर जिले के निवासी विश्वकर्मा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और उसके मालिक की पहचान कर ली गई है. जिलाधिकारी वंदना वैद्य ने कहा कि अवैध रेत खनन की शिकायतों के बाद राजस्व, खनन विभाग और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने 23 नवंबर को क्षेत्र का निरीक्षण किया था.

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को उसी क्षेत्र से अवैध रूप से खनन की गई रेत जब्त की गई थी. वैद्य ने कहा कि ब्यौहारी के उप-संभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) और अन्य अधिकारियों ने शनिवार रात 8:30 बजे तक क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की. उन्होंने कहा कि यह घटना तब हुई, जब सिंह और उनके तीन सहयोगी बाद में स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu