जनता ने कांग्रेस के कुशासन को नकारा: वसुंधरा राजे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Dec 2023 07:46 PM
जनता ने कांग्रेस के कुशासन को नकारा: वसुंधरा राजे
ऑडियो सुनें

जयपुर. राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे ने प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के परिणामों में उनकी पार्टी की जीत पर प्रतिक्रिया जताते हुए रविवार को कहा कि जनता ने कांग्रेस के कुशासन को नकार दिया है. राजे इस चुनाव में झालरापाटन सीट से जीत गई हैं.

रुझानों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के बीच राजे ने कहा, ‘राजस्थान की ये शानदार जीत हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मंत्र ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की जीत है. उनकी दी हुई ‘गारंटी’ की जीत है. यह जीत हमारे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी की रणनीति की जीत है और यह जीत हमारे (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल नेतृत्व की जीत है.’ उन्होंने कहा, ‘सबसे महत्वपूर्ण, यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं की है. उनके अथक प्रयासों की जीत है. उन्होंने दिन-रात हमारे माननीय प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने की पूरी कोशिश करते हुए उस दिशा में मेहनत की.’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,’सबसे बड़ी बात यह जीत हमारी जनता जर्नादन की है जिसने कांग्रेस के कुराज को नकारते हुए और भाजपा के सुराज को अपनाने का काम किया है. यह जीत 2024 में मोदी जी को फिर से देशवासियों की सेवा का अवसर देने की जीत है.’ राज्य की 200 में से 199 सीट पर मतदान 25 नवंबर को हुआ था. करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu