भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन और विकास की राजनीति करने वाले में: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Dec 2023 07:46 PM
भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन और विकास की राजनीति करने वाले में: मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/गांधीनगर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन पर रविवार को कहा कि यह दर्शा रहा है कि भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन एवं विकास की राजनीति करने वाले में है. मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में चुनाव परिणामों को ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक ‘सशक्त कदम’ बताया और तीनों राज्यों के मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया.

उन्होंने कहा, ”जनता-जनार्दन को नमन! मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव परिणाम बता रहे हैं कि भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन और विकास की राजनीति में है, उनका भरोसा भाजपा में है.” इन चुनावों में भाजपा के प्रति स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बरसाने के लिए उन्होंने सभी राज्यों की जनता, विशेषकर महिलाओं और युवाओं का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा, ”मैं उन्हें भरोसा देता हूं कि आपके कल्याण के लिए हम निरंतर अथक परिश्रम करते रहेंगे.” मोदी ने इस अवसर पर पार्टी के सभी ‘परिश्रमी कार्यकर्ताओं’ का विशेष रूप से आभार जताया और कहा कि उन्होंने ‘अद्भभुत मिसाल’ पेश की है.

उन्होंने कहा, ”भाजपा की विकास और गरीब कल्याण की नीतियों को आपने जिस तरह लोगों के बीच पहुंचाया, उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वो कम है. हम विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं. हमें ना रुकना है, ना थकना है. हमें भारत को विजयी बनाना है. आज इस दिशा में हमने मिलकर एक सशक्त कदम उठाया है.” चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को जारी मतगणना के मुताबिक भाजपा भारी बहुमत से मध्य प्रदेश की सत्ता में वापसी की ओर बढ़ रही है, वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ में वह कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के करीब है. इन चुनावों में कांग्रेस के लिए राहत सिर्फ तेलंगाना से मिल रही है जहां उसके भारी बहुमत से सरकार बनाने की प्रबल संभावना है.

मोदी ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए तेलंगाना की जनता के प्रति भी आभार जताया और उम्मीद व्यक्त की कि पिछले कुछ वर्षों में दक्षिण के इस राज्य में भाजपा के प्रति लोगों के समर्थन में जो वृद्धि आई है, वह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा.
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ”तेलंगाना के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, भाजपा का समर्थन करने के लिए धन्यवाद. पिछले कुछ वर्षों में, यह समर्थन केवल बढ़ा ही है और यह प्रवृत्ति आने वाले समय में जारी रहेगी.”

उन्होंने कहा, ”तेलंगाना के साथ हमारा रिश्ता अटूट है और हम लोगों के लिए काम करते रहेंगे. मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रमी प्रयासों की भी सराहना करता हूं.” तेलंगाना की 119 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस 10 सीट जीत चुकी है और 53 पर वह आगे है. इस प्रकार वह सत्ता के बेहद करीब है. सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) छह सीट जीत चुकी है और 34 सीट पर आगे है. भाजपा नौ सीट पर, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) छह और एक सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी आगे है. तेलंगाना विधानसभा चुनाव में यह भाजपा का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. राज्य में भाजपा को 14 प्रतिशत के करीब मत मिले हैं.

लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों का समर्थन किया है और भाजपा को वोट दिया है: गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों का समर्थन किया है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में वोट दिया है. चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को जारी मतगणना के अब तक के रुझानों के मुताबिक, भाजपा भारी बहुमत से मध्य प्रदेश की सत्ता में वापसी की ओर बढ़ रही है, वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ में वह कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के करीब है. इन चुनावों में कांग्रेस के लिए राहत सिर्फ तेलंगाना से मिल रही है जहां उसके भारी बहुमत से सरकार बनाने की प्रबल संभावना है.

गडकरी ने कहा कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में ”डबल इंजन” की सरकार आने से तेजी से विकास होगा. उन्होंने चुनाव नतीजों के लिए प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा प्रमुख जे. पी. नड्डा और स्थानीय पार्टी नेतृत्व के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की सराहना की.
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री गडकरी ने कहा, ”देश की जनता ने चुनावों के जरिये अपना मूड जाहिर कर दिया है, खासकर राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में. इन तीनों राज्यों में बहुत अच्छे नतीजे आए हैं. एक तरह से लोगों ने मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार की नीतियों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है.”

उन्होंने कहा, ”इस ऐतिहासिक जीत के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी, हमारे (पार्टी) अध्यक्ष जे पी नड्डा और विशेषकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं. बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं. इन तीनों राज्यों में अब ‘डबल इंजन’ की सरकार होगी और तेजी से विकास होगा. इसका नतीजा लोगों को देखने को मिलेगा.” भाजपा नेता ‘डबल इंजन’ सरकार शब्द का उपयोग तब करते हैं जब उनकी पार्टी राज्य और केंद्र दोनों में सत्ता में होती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu