अमीर शेख नवाफ के निधन पर शोक जताने कुवैत पहुंचे हरदीप पुरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Dec 2023 09:59 PM
अमीर शेख नवाफ के निधन पर शोक जताने कुवैत पहुंचे हरदीप पुरी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी कुवैत के शासक अमीर शेख नवाफ अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के निधन पर शोक जताने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष दूत के तौर पर रविवार को कुवैत पहुंचे. विदेश मंत्रालय ने बताया कि पुरी कुवैत के नए अमीर शेख मिशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शोक व्यक्त करने वाले निजी पत्र भी सौंपेंगे.

कुवैत के सरकारी टेलीविजन ने शनिवार को घोषणा की कि अमीर जबर अल-सबा का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. विदेश मंत्रालय ने कहा, ”भारत दुख की घड़ी में कुवैत के नेतृत्व और लोगों के साथ है.” मंत्रालय ने कहा कि खाड़ी देश में भारतीय प्रवासी समुदाय को उनकी कमी खलेगी. भारत ने दिवंगत नेता अमीर जबर अल-सबा के सम्मान में रविवार को ”राजकीय शोक” घोषित किया.

मंत्रालय ने रविवार को कहा कि शेख नवाफ अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के निधन से कुवैत ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया है जो देश को प्रगति तथा समृद्धि की ओर लेकर गए. विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ”सरकार और भारत के लोग कुवैत के शासक महामहिम अमीर शेख नवाफ अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के 16 दिसंबर को हुए निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.”

इसमें कहा गया है, ”पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी भारत सरकार और लोगों की ओर से संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए 17 दिसंबर को प्रधामनंत्री के विशेष दूत के तौर पर कुवैत की यात्रा कर रहे हैं.” विदेश मंत्रालय ने भारत-कुवैत संबंधों को मजबूत बनाने में दिवंगत अमीर की भूमिका का भी जिक्र किया.

उसने कहा, ”भारत और कुवैत ने दिवंगत अमीर के नेतृत्व में करीबी और मैत्रीपूर्ण रिश्ते बनाए रखे. वह दोनों देशों के लोगों के परस्पर लाभ के लिए द्विपक्षीय भागीदारी को मजबूत बनाने और मार्गदर्शन करने में दृढ. रहे.” पुरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह खाड़ी देश में भारतीय राजदूत और भारतीय दूतावास के अधिकारियों के साथ अमीर के निधन पर सम्मान स्वरूप दो मिनट का मौन रखने के लिए एक कार्यक्रम में शामिल हुए. पुरी ने कहा, ”मैं कुवैत के नए अमीर शेख मिशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की ओर से निजी संवेदना पत्र देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के विशेष दूत के रूप में कुवैत आया हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu