हम निराशा से जल्द से जल्द उबरने के लिए प्रशिक्षित होते हैं: द्रविड़

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Dec 2023 09:56 PM
हम निराशा से जल्द से जल्द उबरने के लिए प्रशिक्षित होते हैं: द्रविड़
ऑडियो सुनें

सेंचुरियन. भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने ऑस्ट्रेलिया के हाथों विश्व कप फाइनल में मिली हार के संदर्भ में रविवार को यहां कहा कि पेशेवर खिलाड़ी निराशा से जल्द से जल्द उबरने और नई चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रशिक्षित होते हैं. अहमदाबाद में 19 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया से हारने वाली टीम के सदस्यों में शामिल रहे केएल राहुल, रविंद्र जडेजा और श्रेयस अय्यर ने इसके बाद सीमित ओवरों के कुछ मैच खेले लेकिन अन्य खिलाड़ी पांच सप्ताह में पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे.

द्रविड़ ने यहां पत्रकारों से नई चुनौतियों के बारे में कहा,”वह दिल तोड़ने वाली हार थी लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आपको तेजी से आगे बढ.ना होता है और हमारे सामने एक और महत्वपूर्ण श्रृंखला है और यह सभी श्रृंखलाएं एक अन्य आईसीसी प्रतियोगिता (विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल) के लिए क्वालीफाई करने के संदर्भ में काफी मायने रखती हैं.” पूर्व भारतीय कप्तान द्रविड़ समझते हैं कि फाइनल की हार को पचा पाना आसान नहीं है लेकिन वह इस तथ्य से भी अवगत हैं कि इस निराशा को लंबे समय तक खींचने से परेशानियां खड़ी हो सकती हैं.

उन्होंने कहा,”आपके पास निराशा में डूबे रहने के लिए वक्त नहीं होता. आपको उससे उबरकर आगे बढ.ना होता है और हमारे खिलाड़ियों ने ऐसा बहुत अच्छी तरह से किया. हम निराश थे लेकिन अब हम उससे आगे बढ. चुके हैं. मुझे लगता है कि हमारी वनडे टीम ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन करके श्रृंखला जीती.” द्रविड़ ने कहा,”खिलाड़ी निराशा से उबरकर आगे बढ.ने में माहिर होते हैं क्योंकि उन्हें बचपन से ऐसा करना सिखाया जाता है. आपको इससे बाहर निकलना होता है और आप लंबे समय तक निराशा के साथ नहीं जी सकते हैं. इससे अगले मैच में आपका प्रदर्शन प्रभावित होगा.” भारत ने दक्षिण अफ्रीका में अभी तक टेस्ट श्रृंखला नहीं जीती है और द्रविड़ ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के विकेट इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की तुलना में थोड़ा भिन्न चुनौती पेश करते हैं.

उन्होंने कहा,”आंकड़ों के लिहाज से देखें तो यहां खेलना आसान नहीं होता है लेकिन हमने यहां अच्छा प्रदर्शन भी किया है. ऐसा नहीं है कि यहां खेलना असंभव है लेकिन अन्य देशों की तुलना में यहां उछाल असमान होता है. आपको यहां इंग्लैंड की तरह अधिक स्विंग या ऑस्ट्रेलिया की तरह पर्याप्त गति और उछाल नहीं मिलता है.”

केएल राहुल से विकेटकीपिंग को लेकर चर्चा की, वह आश्वस्त हैं: द्रविड़
भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने रविवार को कहा कि केएल राहुल टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपिंग को लेकर आश्वस्त हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला में भारतीय टीम के नए विकेटकीपर को कुछ नया करने का अवसर मिलेगा. केएस भरत का टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी पक्ष कमजोर है. भारतीय टीम प्रबंधन के पास इशान किशन के रूप में अन्य विकल्प था लेकिन उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए विश्राम का फैसला किया है. ऐसे में भारतीय टीम प्रबंधन के पास राहुल ही सर्वश्रेष्ठ विकल्प हैं.

द्रविड़ ने यहां पत्रकारों से कहा,”मैं इसे रोमांचक चुनौती के रूप में देखता हूं. यह निश्चित तौर पर उनके पास कुछ अलग करने का मौका है. इशान के यहां नहीं होने से उन्हें यह मौका मिला है. हमारे पास चयन के लिए दो विकेटकीपर हैं और राहुल उनमें से एक है.” उन्होंने कहा,”हमने उनसे इस बारे में चर्चा की और वह पूरी तरह से आश्वस्त है. वह इस भूमिका को निभाने के लिए उत्साहित है.” द्रविड़ इस बात को समझते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपिंग की चुनौती पूरी तरह से भिन्न होती है लेकिन उनको पूरा विश्वास है कि राहुल अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे क्योंकि 50 ओवरों के प्रारूप में उन्होंने यह भूमिका अच्छी तरह से निभाई है.

द्रविड़ ने कहा,”हम जानते हैं कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अक्सर विकेटकीपिंग नहीं की है लेकिन वह 50 ओवर की क्रिकेट में लगातार ऐसा करते रहे हैं. पिछले पांच-छह महीनों में उन्होंने अच्छी तरह से तैयारी की है. उन्होंने इस बीच काफी विकेटकीपिंग की है.” उन्होंने कहा,”यह उनके लिए नई और आकर्षक चुनौती होगी. मुझे लगता है कि यहां गेंद अधिक स्पिन नहीं होगी जिससे उनका काम थोड़ा आसान हो जाएगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu