उपयोगकर्ता आधार पर ‘कू’ का ट्विटर को एक साल में पछाड़ने का लक्ष्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 May 2022 09:51 PM
उपयोगकर्ता आधार पर ‘कू’ का ट्विटर को एक साल में पछाड़ने का लक्ष्य
ऑडियो सुनें

कोलकाता. एलन मस्क के ट्विटर को खरीदने के प्रस्ताव की चर्चाओं के बीच घरेलू सोशल मीडिया मंच ‘कू’ ने उपयोगकर्ता आधार के मामले में एक साल के भीतर ट्विटर को देश में पछाड़ने का लक्ष्य रखा है. कू के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अप्रमेय राधाकृष्ण ने पीटीआई-भाषा को बताया कि मार्च, 2020 में शुरू हुए सोशल मीडिया मंच के उपयोगकर्ता आधार में पिछले 12 महीने के दौरान ‘दस गुना’ वृद्धि हुई है और इसे तीन करोड़ लोगों ने डाउनलोड किया है.

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के अंत डाउनलोड संख्या दस करोड़ के पार पहुंचने की उम्मीद है. सीईओ के अनुसार कू वर्तमान में अंग्रेजी समेत दस भाषाओँ में उपलब्ध है और इसका संचालन नाइजीरिया में भी है. उन्होंने कहा कि कंपनी इंडोनेशिया को अधिक बहुभाषी वाले देशों में विस्तार के लिहाज से ‘प्राथमिकता’ के रूप में देख रही है.

राधाकृष्णन ने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘हमारे पास हर महीने 70 से 80 लाख सक्रिय उपयोगकर्ता है और वर्ष 2022 के अंत तक हम दस करोड़ डाउनलोड की उम्मीद कर रहे हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत में हम गैर-अंग्रेजी उपयोगकर्ता आधार के मामले में ट्विटर से बड़े हैं और हमारा लक्ष्य घरेलू बाजार पर कब्जा करना और देश में सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनी बनना है. इसे हम अगले 12 महीनों में पूरा कर लेंगे.’’

राधाकृष्ण ने फर्जी खातों, अपमानजनक पोस्ट या अभद्र भाषा जैसे मुद्दों पर कहा, ‘‘उपयोगकर्ता जो चाहें व्यक्त करने और अपनी राय देने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन उन्हें देशों के कानूनों का पालन करना होगा, जिसके आधार पर सामुदायिक दिशानिर्देश बनाए जाते हैं. हम सम्मानजनक रूप से बोलने की आजादी का समर्थन करते हैं.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu