लोग सुलभ रेल यात्रा चाहते हैं या ‘शहंशाह’ के बूथ के साथ तस्वीर: राहुल गांधी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 30 Dec 2023 04:47 PM
लोग सुलभ रेल यात्रा चाहते हैं या ‘शहंशाह’ के बूथ के साथ तस्वीर: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रेलवे स्टेशनों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदमकद ‘कटआउट’ के साथ ‘सेल्फी बूथ’ स्थापित करने को लेकर शनिवार को सरकार पर निशाना साधा और पूछा कि लोग सुलभ रेल यात्रा चाहते हैं या ‘शहंशाह के बुत’ के साथ तस्वीर।

राहुल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ ‘गरीबों की सवारी’ भारतीय रेल के हर वर्ग का किराया बढ़ाया गया। किराए में बुजुर्गों को मिलने वाली छूट तक खत्म कर दी गयी, प्लेटफार्म टिकट के दाम बढ़ाए गए, निजीकरण के द्वार खोल दिये गए।’’

कांग्रेस नेता ने लिखा, ‘‘जनता की मेहनत की कमाई से निचोड़ा जा रहा यह पैसा क्या ‘‘सेल्फी स्टैंड’’ बनाने के लिए था। भारत की जनता को क्या चाहिए। सस्ता गैस सिलेंडर एवं सुलभ रेल यात्रा या फिर ‘शहंशाह के बुत’ के साथ तस्वीर।’’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कुछ दिन पहले कहा था कि रेलवे स्टेशनों पर मोदी की तस्वीरों के साथ सेल्फी बूथ स्थापित करना करदाताओं के पैसे की ‘‘बर्बादी’’ है जबकि विपक्षी (दलों के शासन वाले) राज्य मनरेगा निधि का इंतजार कर रहे हैं।

खरगे ने सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून के तहत प्राप्त उत्तर की एक प्रति भी साझा की थी, जिसमें मध्य रेलवे के तहत उन स्टेशनों को सूचीबद्ध किया गया है जहां अस्थायी और स्थायी सेल्फी बूथ स्थापित किए गए हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav