भाजपा और आरएसएस पर बयानबाजी में विपक्ष ‘राम’ के भी खिलाफ : शाहनवाज हुसैन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jan 2024 09:28 PM
भाजपा और आरएसएस पर बयानबाजी में विपक्ष ‘राम’ के भी खिलाफ : शाहनवाज हुसैन

ऑडियो सुनें

बलिया. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्­ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर को लेकर मुसलमानों की तरफ से तो कोई नकारात्­मक बयान नहीं आया लेकिन विपक्षी दल राष्­ट्रीय स्­वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा के खिलाफ बयानबाजी करते-करते ‘राम जी’ के भी खिलाफ हो गये.

बलिया जिले के सिकंदरपुर में शनिवार देर रात भाजपा जिलाध्­यक्ष संजय यादव के निवास पर शाहनवाज हुसैन ने संवाददाताओं से कहा, ”राम मंदिर के निर्माण से पूर्वांचल की पूरी तस्वीर बदल जायेगी. विकास से तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेगी.” उन्­होंने कहा, ”जब 22 जनवरी को मंदिर का उद्घाटन होगा, उसके बाद देश-विदेश के लोग आते रहेंगे, तब भी भीड़ कम नहीं होगी. इतना अद्भुत मंदिर बन रहा है, जिसको देखने के लिए भी लोग आयेंगे, दर्शन करने तो आयेंगे ही.” हुसैन ने कहा कि राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मुस्लिम पक्ष की तरफ से कोई बयानबाजी नही हो रही है. सारी बयानबाजी कांग्रेस, राष्­ट्रीय जनत दल (राजद) और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की तरफ से हो रही है.

हुसैन ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पूरी तरह बिखरने वाला है. उन्­होंने कहा कि राम मंदिर को लेकर विपक्षी दलों के साथ दुश्वारी ये है कि वे उगले या निगले, उनको समझ में नहीं आता है. हुसैन ने कहा कि आरएसएस और भाजपा पर बयानबाजी करते- करते विपक्षी दल ‘राम’ के भी खिलाफ हो गए हैं. अगर वो राम के खिलाफ हो गए हैं तो सबको पता है कि किसके पक्ष में चले गए हैं. उन्­होंने कहा कि इस बार के चुनाव में उनको जवाब देश की जनता देगी.

भाजपा नेता ने बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के उस बयान पर भी टिप्पणी कि, जिसमें यादव ने कहा था कि बीमार होंगे तो मंदिर जाएंगे या अस्पताल. हुसैन ने कहा कि सब आदमी अस्पताल ही जाते हैं. उन्होंने कहा, ”लालू भी हॉस्पिटल ही गए थे. तेजस्वी को लालू जी से सीखना चाहिए. कोई भी बीमार होगा तो अस्पताल ही जाता है, लेकिन हॉस्पिटल का अलग स्थान है और मंदिर का अलग.”

By Yogesh Kumar Sahu